Breaking News

देहरादून: कार के सामान की दुकान में लगी आग     |   मई में भारत की इंडस्ट्रियल ग्रोथ बढ़कर 5.1 प्रतिशत हुई, अप्रैल में 4.9 फीसदी थी     |   2021 बंगाल हिंसा-हत्या केस: CBI ने आरोपी खालिद उज जमान को अरेस्ट किया     |   राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 30 जून से 1 जुलाई तक आंध्र प्रदेश के दौरे पर रहेंगी     |   राजा रघुवंशी मर्डर केस में मेघायल हाई कोर्ट ने सोनम की जमानत बरकरार रखी     |  

उप्र: फतेहपुर में हर्ष फायरिंग से एक की मौत, चार अन्य घायल

कानपुर (उप्र), 22,जून (भाषा) फतेहपुर जिले के गाजीपुर थाना क्षेत्र के लमेहटा गांव में रविवार देर रात शादी समारोह के दौरान की गई हर्ष फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक इस घटना में बांदा जिले के निवासी धीरज केवट (50) की मौत हो गई और हरिपाल, राहुल, जगतपाल और कामता नामक चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को कानपुर के एलएलआर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक घायलों की हालत स्थिर है।

फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि दीवान का पुरवा से लमेहटा गांव बारात आई थी। जश्न के दौरान जमोहे गांव निवासी 45 वर्षीय सुमित तिवारी उर्फ पप्पू अपनी लाइसेंसी बंदूक लेकर पहुंचा था। आरोप है कि उसने बंदूक ड्रोन कैमरे की तरफ तान दी। लोगों के रोकने पर बंदूक नीचे करते समय अचानक गोली चल गई, जिसकी चपेट में आकर पांच लोग घायल हो गए।

उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल धीरज केवट ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस को रविवार रात करीब 12:30 बजे घटना की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

उन्होंने बताया कि वारदात के बाद आरोपी सुमित तिवारी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर गाजीपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई हैं।

पुलिस के मुताबिक पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों तथा ग्रामीणों से बात की। उसने बताया कि गांव में फिलहाल शांति है।

भाषा सं आनन्द धीरज

धीरज