अंबाला, 17 मई (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को घोषणा की कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में महाराणा प्रताप के नाम पर एक अध्ययन केंद्र और एक पीठ स्थापित की जाएगी।
सैनी ने कहा कि इसके अलावा अंबाला जिले के शहजादपुर क्षेत्र के बरगढ़ में स्थित सरकारी महिला महाविद्यालय का नाम बदलकर महारानी पद्मावती सरकारी महाविद्यालय कर दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने महाराणा प्रताप जयंती के उपलक्ष्य में शहजादपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में ये घोषणाएं कीं।
उन्होंने नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों के लिए पांच करोड़ रुपये, शहजादपुर में राजपूत छात्रावास के निर्माण और पक्की नाली के निर्माण के लिए 31 लाख रुपये की घोषणा भी की।
इससे पहले सैनी ने महाराणा प्रताप की पुनर्निर्मित प्रतिमा का भी अनावरण किया।
मिजोरम के राज्यपाल जनरल वी. के. सिंह (सेवानिवृत्त) भी समारोह में उपस्थित थे।
सैनी ने कहा कि महाराणा प्रताप इतने महान योद्धा थे कि उनका नाम मात्र लेने से ही हर हृदय देशभक्ति की लहर से भर जाता है।
भाषा शुभम सुरेश
सुरेश