पाकुड़, 17 मई (भाषा) झारखंड के पाकुड़ जिले में 13 वर्षीय लड़की से बलात्कार के आरोप में रविवार को सात लोगों को पकड़ा गया जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
महेशपुर के उपमंडल पुलिस अधिकारी विजय कुमार ने बताया कि यह घटना शनिवार रात करीब 8.30 बजे हुई और रविवार दोपहर पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
कुमार ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘एसआईटी का गठन किया गया और उसने मामला दर्ज होने के चार घंटे के भीतर ही सभी सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।’’
लड़की गांव में अपने घर के पास खेल रही थी कि तभी आरोपियों ने उसे जबरन पास के एक सुनसान स्थान पर ले जाकर बारी-बारी उसके साथ बलात्कार किया।
घटना के बाद, नाबालिग लड़की घर लौट आई और उसने अपने माता-पिता को आपबीती सुनाई, जिसके बाद मामला दर्ज किया गया। आरोपियों में से पांच पीड़िता के गांव के रहने वाले हैं।
पुलिस ने गिरफ्तार किए गए वयस्कों से पूछताछ शुरू कर दी है जबकि नाबालिगों को सुधार गृह में भेजा जा रहा है।
भाषा नेत्रपाल नरेश
नरेश