Breaking News

तमिलनाडु में वरिष्ठ IPS अधिकारियों का फेरबदल, टीएस अन्बू ADGP लॉ & ऑडर नियुक्त     |   JK: रोपवे रुकने से हवा में अटके 200 से ज्यादा पर्यटकों को बचाया, रेस्क्यू जारी     |   भारत मौसम विज्ञान विभाग ने तेलंगाना के कई जिलों में लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया     |   बिहार के सीएम सम्राट चौधरी को दिल्ली में कामराज लेन स्थित बंगला नंबर 6 आवंटित     |   राष्ट्रपति मुर्मू ने 2 पद्म विभूषण, 6 पद्म भूषण और 58 पद्म श्री पुरस्कार प्रदान किए     |  

झारखंड में 50.30 लाख रुपये के मादक पदार्थ जब्त, आठ आरोपी गिरफ्तार

रांची, 17 मई (भाषा) झारखंड पुलिस ने तीन जिलों में अलग-अलग कार्रवाई कर कुल 50.30 लाख रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किये। इन मामलों में आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

देवघर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) प्रवीण पुष्कर ने बताया कि जिले में पुलिस ने लगभग 20.4 लाख रुपये मूल्य का ‘ब्राउन शुगर’ जब्त किया और मामले में चार तस्करों को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि आरोपियों में दो पश्चिम बंगाल निवासी हैं।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने 1,49,300 रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन, एक चार पहिया वाहन और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि वे झारखंड और बिहार के विभिन्न हिस्सों में मादक पदार्थ की आपूर्ति करते थे।

अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) अमित आनंद ने बताया कि हजारीबाग जिले में एक अन्य अभियान में, पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई कर कोर्रा पुलिस स्टेशन थाना क्षेत्र से तीन लोगों को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि आरोपियों से करीब 20.5 ग्राम ‘ब्राउन शुगर’बरामद किया गया, जिसकी कीमत 4.10 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब्त किए गए मादक पदार्थों के अलावा, उनके पास से तीन मोबाइल फोन, एक बाइक और एक कार भी जब्त की गई।

एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि चतरा जिले में शनिवार को 35 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके पास से करीब 25 लाख रुपये मूल्य की अफीम जब्त की गई।

चतरा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अनिमेष नैथानी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘हमने रामचरण डांगी को गिरफ्तार किया और उसके बैग की तलाशी लेने पर चार किलोग्राम अफीम और दो किलोग्राम गुड़ जैसा पदार्थ बरामद किया। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि जब्त किए गए गुड़ जैसे पदार्थ को अफीम में मिलाकर उसका वजन बढ़ाया गया था।’’

पुलिस अधिकारी ने बताया कि मादक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

भाषा धीरज नरेश

नरेश