सिवनी, 17 मई (भाषा) मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में एक नाबालिग आदिवासी बालिका को रिसोर्ट में बुलाकर बीयर पिलाने के बाद उससे कथित तौर पर दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार यह घटना पेंच टाइगर रिजर्व के कर्माझिरी गेट मार्ग पर सुकतरा के पास स्थित एक रिसोर्ट में हुई।
बरघाट के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) ललित गठरे ने 'पीटीआई-भाषा' को रविवार को बताया कि रिसोर्ट संचालक के पुत्र अंकित सनोड़िया (23) ने अपने दो मित्रों के साथ मिलकर नाबालिग बालिका को रिसोर्ट में बुलाया और उससे दुष्कर्म किया।
उन्होंने बताया कि आरोपित अंकित की नाबालिग से करीब दो महीने पहले जान-पहचान हुई थी।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर अंकित सनोड़िया और उसके दो मित्रों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया है।
गठरे ने बताया कि कुरई थाना पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
उन्होंने कहा कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1), 64(i), 137(2) और 3(5) के अलावा यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की धारा 3 और 4 तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(2)(वी) और 3(2)(वीए) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भाषा
सं, ब्रजेन्द्र रवि कांत