Breaking News

तमिलनाडु में वरिष्ठ IPS अधिकारियों का फेरबदल, टीएस अन्बू ADGP लॉ & ऑडर नियुक्त     |   JK: रोपवे रुकने से हवा में अटके 200 से ज्यादा पर्यटकों को बचाया, रेस्क्यू जारी     |   भारत मौसम विज्ञान विभाग ने तेलंगाना के कई जिलों में लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया     |   बिहार के सीएम सम्राट चौधरी को दिल्ली में कामराज लेन स्थित बंगला नंबर 6 आवंटित     |   राष्ट्रपति मुर्मू ने 2 पद्म विभूषण, 6 पद्म भूषण और 58 पद्म श्री पुरस्कार प्रदान किए     |  

अमित शाह बस्तर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक की अध्यक्षता के लिए रायपुर पहुंचे

रायपुर, 17 मई (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को छत्तीसगढ़ के तीन दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंचे। इस यात्रा के दौरान वे कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे और बस्तर क्षेत्र में मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे।

छत्तीसगढ़ को 31 मार्च को सशस्त्र माओवादियों से मुक्त घोषित किए जाने के बाद शाह का यह पहला छत्तीसगढ़ दौरा है।

शाह रात आठ बजे के कुछ ही समय बाद स्वामी विवेकानंद हवाई अड्डे पर उतरे और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, राज्य मंत्रियों, भाजपा सांसदों, विधायकों और पार्टी के अन्य नेताओं ने उनका स्वागत किया।

पश्चिम एशिया संकट के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा जारी मितव्ययिता के आह्वान के अनुरूप, साय और शर्मा एक ही काफिले में हवाई अड्डे पहुंचे, जबकि अन्य नेता बस से आए।

अधिकारियों ने बताया कि शाह नवा रायपुर अटल नगर स्थित एक होटल के लिए रवाना हो गए हैं, जहां वे रात भर ठहरेंगे।

एक सरकारी अधिकारी के अनुसार, सोमवार को सुबह करीब 10.40 बजे, शाह रायपुर स्थित पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय के परेड ग्राउंड से राज्य पुलिस की आपातकालीन सेवा 'डायल 112' और मोबाइल फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला के लिए नए वाहनों को हरी झंडी दिखाएंगे।

अधिकारी ने बताया, 'इसके बाद शाह बस्तर जिले के लिए रवाना होंगे और नेतानार गांव जाएंगे, जहां वे दूरदराज के क्षेत्रों में सरकारी और डिजिटल सेवाओं तक आसान पहुंच प्रदान करने के उद्देश्य से स्थापित 'जन सुविधा केंद्र' का उद्घाटन करेंगे। वह दोपहर 1.30 बजे जगदलपुर स्थित अमर वाटिका जाएंगे और राष्ट्र की सेवा में अपनी जान गंवाने वाले सुरक्षाकर्मियों को श्रद्धांजलि देंगे।'

दोपहर ढाई बजे, शाह बस्तर नृत्य, कला और साहित्य अकादमी (बादल) में एक संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे और शहीदों के परिजनों, नक्सल वरोधी अभियानों में तैनात सीएपीएफ (केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल) और राज्य बलों के कर्मियों, पुलिस अधिकारियों, नक्सली हिंसा के पीड़ितों और विभिन्न स्थानीय समुदायों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे।

उन्होंने बताया, “कार्यक्रम में बस्तर की जमीनी स्थिति और क्षेत्र में विकास और सुरक्षा से संबंधित मुद्दों पर चर्चा होगी। सोमवार शाम को, शाह बादल अकादमी में 'बस्तर के संग' लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और बस्तर की आदिवासी कला और सांस्कृतिक परंपराओं को देखेंगे।”

केंद्रीय गृह मंत्री मंगलवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक जगदलपुर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जिसमें मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री शामिल होंगे।

अधिकारी ने बताया कि दिल्ली रवाना होने से पहले वह जगदलपुर में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे।

भाषा

राखी नरेश

नरेश