जयपुर, 17 मई (भाषा) भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो (एसीबी) ने उदयपुर में राजस्थान पुलिस के एक सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) को कथित तौर पर एक लाख रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, आरोपी सुनील विश्नोई प्रतापनगर थाने में तैनात था। एसीबी की उदयपुर इकाई ने शहर के एक रिसॉर्ट की पार्किंग में जाल बिछाकर की गई कार्रवाई के दौरान उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।
एसीबी के महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि नौ मई को एक शिकायत मिली थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि विश्नोई और दो कांस्टेबल ने एक महिला से विवाद के बाद छेड़छाड़ और दुष्कर्म का मामला दर्ज नहीं करने तथा दोनों पक्षों में समझौता कराने के बदले शिकायतकर्ता से तीन लाख रुपये मांगी थी।
गुप्ता ने बताया कि बाद में बातचीत के दौरान आरोपी कथित रूप से 1.30 लाख रुपये में मामला निपटाने पर सहमत हो गया।
उन्होंने कहा कि सत्यापन के दौरान पता चला कि विश्नोई पहले ही 25 हजार रुपये ले चुका था और मूल मांग में से पांच हजार रुपये कम कर दिए थे।
गुप्ता ने कहा कि उसने शिकायतकर्ता से बाकी रकम की व्यवस्था करने को कहा था।
शिकायत के आधार पर एसीबी टीम ने जाल बिछाया और विश्नोई को शेष एक लाख रुपये लेते समय गिरफ्तार कर लिया।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके आवास पर तलाशी ली जा रही है।
भाषा बाकोलिया जोहेब
जोहेब