निवाड़ी (मध्यप्रदेश), 17 मई (भाषा) मध्यप्रदेश के निवाड़ी जिले में 10वीं कक्षा की एक दलित छात्रा ने छेड़छाड़ और उत्पीड़न के एक आरोपी के दबाव में आकर रविवार को कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पृथ्वीपुर थाने के प्रभारी जितेंद्र सिंह गुर्जर ने बताया कि जिला मुख्यालय से लगभग 18 किलोमीटर दूर सियाखास गांव में 16 वर्षीय लड़की ने अपने घर में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली।
गुर्जर ने कहा, 'दो दिन पहले अपनी भाभी के साथ एक मंदिर से घर लौट रही लड़की को उसी गांव के एक युवक अभिषेक यादव ने कथित तौर पर दुर्भावनापूर्ण इरादे से पकड़ लिया था, जिसके बाद उसने आरोपी के खिलाफ शिकायत दी थी।”
उन्होंने बताया कि शिकायत के बाद यादव और तीन अन्य के खिलाफ अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति अधिनियम और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गुर्जर ने बताया कि आरोपी ने कथित तौर पर लड़की के परिवार पर मामला वापस लेने के लिए दबाव डाला और संभवतः डर व दबाव के कारण लड़की ने आत्महत्या कर ली।
उन्होंने कहा कि यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है।
भाषा सं ब्रजेन्द्र जोहेब
जोहेब