Breaking News

तमिलनाडु में वरिष्ठ IPS अधिकारियों का फेरबदल, टीएस अन्बू ADGP लॉ & ऑडर नियुक्त     |   JK: रोपवे रुकने से हवा में अटके 200 से ज्यादा पर्यटकों को बचाया, रेस्क्यू जारी     |   भारत मौसम विज्ञान विभाग ने तेलंगाना के कई जिलों में लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया     |   बिहार के सीएम सम्राट चौधरी को दिल्ली में कामराज लेन स्थित बंगला नंबर 6 आवंटित     |   राष्ट्रपति मुर्मू ने 2 पद्म विभूषण, 6 पद्म भूषण और 58 पद्म श्री पुरस्कार प्रदान किए     |  

गणेश शंकर विद्यार्थी की प्रतिमा लगाने में देरी के विरोध में सपा विधायक ने खून से लिखा पत्र

कानपुर, 17 मई (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक अमिताभ बाजपेयी ने स्वतंत्रता सेनानी एवं पत्रकार गणेश शंकर विद्यार्थी की प्रतिमा स्थापित करने में कथित देरी के विरोध में रविवार को खून से पत्र लिखकर प्रदर्शन किया।

आर्य नगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक अमिताभ बाजपेयी मॉल रोड स्थित स्मारक स्थल पर प्रतिमा के लिए बनाए गए चबूतरे के पास नंगे पैर और बनियान पहनकर पहुंचे। वहां उन्होंने खून से लिखे पत्र में सवाल किया, “मूर्ति कहां है? कब लगेगी?”

बाजपेयी ने बाद में घोषणा की कि वह यह पत्र सोमवार को डाक के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजेंगे।

यह घटना उस प्रदर्शन के एक सप्ताह बाद हुई है, जब बाजपेयी ने कानपुर के परमट क्षेत्र में ध्वस्त किए गए एक प्राथमिक विद्यालय के पुनर्निर्माण में कथित देरी के विरोध में सार्वजनिक रूप से अपना कुर्ता और चप्पल उतार दी थी।

सपा विधायक ने संकल्प लिया है कि विद्यालय का पुनर्निर्माण होने तक वह नंगे पैर और बिना कुर्ते के रहेंगे। उनका आरोप है कि पुराने भवन को गिराए जाने के बाद भूमि माफिया विद्यालय की जमीन पर नजर गड़ाए हुए हैं।

कानपुर के आठ विधायकों में से एक अमिताभ बाजपेयी ने प्रशासन पर मामले में निष्क्रियता का आरोप लगाया है।

उन्होंने दावा किया कि प्रतिमा स्थापना की मांग को लेकर वह पहले भी कई पत्र लिख चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

बाजपेयी ने कहा, “इस बार मैंने खून से पत्र लिखा है, ताकि शायद इस रंग को पहचाना जाए।”

उन्होंने उम्मीद जताई कि उनका संघर्ष अब परिणाम देगा।

बिना किसी का नाम लिए उन्होंने आरोप लगाया कि “हाथ में चप्पल लेकर चलने और सार्वजनिक रूप से अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के लिए चर्चित एक व्यक्ति” ने प्रतिमा अपने कब्जे में रखी हुई है।

उन्होंने इस देरी को कानपुर की विरासत और लोकतांत्रिक मूल्यों का अपमान बताया।

सपा विधायक ने कहा, “यह सिर्फ एक प्रतिमा का मामला नहीं है, बल्कि कानपुर की पहचान, इतिहास और स्वाभिमान का प्रश्न है।”

उन्होंने प्रतिमा को तत्काल स्थापित करने और देरी के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

उन्होंने दावा किया कि यह मामला पहले जिलाधिकारी के समक्ष भी उठाया गया था और तत्कालीन अपर जिलाधिकारी (नगर) राजेश कुमार द्वारा निरीक्षण भी किया गया था, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

बाजपेयी ने मॉल रोड मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर “गणेश शंकर विद्यार्थी स्टेशन” करने की भी मांग की और चेतावनी दी कि यदि मामला लंबित रहा तो बड़ा जन आंदोलन किया जाएगा।

भाषा

सं, सलीम रवि कांत