Breaking News

तमिलनाडु में वरिष्ठ IPS अधिकारियों का फेरबदल, टीएस अन्बू ADGP लॉ & ऑडर नियुक्त     |   JK: रोपवे रुकने से हवा में अटके 200 से ज्यादा पर्यटकों को बचाया, रेस्क्यू जारी     |   भारत मौसम विज्ञान विभाग ने तेलंगाना के कई जिलों में लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया     |   बिहार के सीएम सम्राट चौधरी को दिल्ली में कामराज लेन स्थित बंगला नंबर 6 आवंटित     |   राष्ट्रपति मुर्मू ने 2 पद्म विभूषण, 6 पद्म भूषण और 58 पद्म श्री पुरस्कार प्रदान किए     |  

बंडी संजय को मंत्रिमंडल से हटाए बिना निष्पक्ष जांच असंभव: रामा राव

हैदराबाद, 17 मई (भाषा) भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष के. टी. रामा राव ने रविवार को केंद्रीय मंत्री बंडी संजय कुमार को उनके बेटे भगीरथ की पॉक्सो मामले में गिरफ्तारी के बाद मंत्रिमंडल से तत्काल हटाने की मांग की। उन्होंने कहा कि कुमार का मंत्री पद पर बने रहना मामले की निष्पक्ष और तटस्थ जांच में बाधा डाल सकता है।

तेलंगाना उच्च न्यायालय द्वारा भगीरथ को गिरफ्तारी से अंतरिम सुरक्षा देने से इनकार करने के एक दिन बाद शनिवार रात को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

मजिस्ट्रेट ने बाद में उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

एलबी नगर में एक पार्टी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रामा राव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अक्सर 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' की बात करते हैं, लेकिन अगर ऐसे नारे केवल राजनीतिक बयानबाजी बनकर रह जाएं तो न्याय हासिल नहीं किया जा सकता है।

उन्होंने दावा किया, 'शायद देश में पहली बार ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई है, जहां एक केंद्रीय मंत्री के बेटे के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया है। अगर उन्हें (बंडी संजय को) केंद्रीय मंत्रिमंडल से बर्खास्त नहीं किया गया तो जांच ठीक से आगे नहीं बढ़ पाएगी।'

बीआरएस नेता ने सवाल उठाया कि आरोपी कथित तौर पर नौ दिनों तक कैसे छिपा रहा और पूछा कि इस दौरान उसे किसने बताया।

रामा राव ने जोर देकर कहा कि जब तक बंडी संजय कुमार पद पर बने रहेंगे, निष्पक्ष जांच असंभव होगी। उन्होंने मांग की कि केंद्र सरकार उन्हें तत्काल केंद्रीय मंत्रिमंडल से हटा दे।

उन्होंने कहा कि ‘‘ऐसे संवेदनशील मामलों में सत्ता और प्रभाव का दुरुपयोग करने’’ के आरोपी व्यक्तियों का संवैधानिक पदों पर बने रहना न केवल तेलंगाना का अपमान है, बल्कि पूरे देश का भी अपमान है।

रामा राव ने यह भी आरोप लगाया कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने मामले की गंभीरता को कम करने का प्रयास किया।

उन्होंने एक बार फिर कहा कि केंद्रीय मंत्री को पद से हटा दिया जाना चाहिए और जांच पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से की जानी चाहिए।

नाबालिग लड़की की मां द्वारा दायर शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत भगीरथ के खिलाफ आठ मई को मामला दर्ज किया गया था।

भाषा शुभम सुरेश

सुरेश