Breaking News

अमूल के बाद मदर डेयरी ने भी दूध के दाम बढ़ाए, कल से दो रुपये प्रति लीटर महंगा     |   रूस के विदेश मंत्री सर्गेइ लावरोव नई दिल्ली पहुंचे, कल ब्रिक्स समिट में लेंगे हिस्सा     |   केरल CM के नाम का कल होगा ऐलान: जयराम रमेश     |   अमूल ने दूध के दाम दो रुपये प्रति लीटर बढ़ाए     |   बागियों पर AIADMK का बड़ा एक्शन, 29 नेताओं को पद से हटाया     |  

प्रतीक यादव का निधन : विभिन्न पार्टियों के नेताओं ने जताया शोक

लखनऊ, 13 मई (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव के निधन पर विभिन्न पार्टियों के नेताओं ने शोक जताया है।

प्रतीक का बुधवार सुबह संदिग्ध हालात में निधन हो गया। वह 38 साल के थे।

सपा के वरिष्ठ नेता और प्रतीक के चाचा शिवपाल सिंह यादव ने उनके निधन को 'बेहद दुखद' बताया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतीक यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर अपने शोक संदेश में कहा, 'उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, पद्म विभूषण, दिवंगत मुलायम सिंह यादव जी के पुत्र एवं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती अपर्णा यादव जी के पति श्री प्रतीक यादव जी का आकस्मिक निधन अत्यंत दुःखद है। विनम्र श्रद्धांजलि।'

उन्होंने इसी संदेश में आगे कहा, 'मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!'

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति देने के लिए प्रार्थना की।

प्रदेश के एक अन्य उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने प्रतीक के निधन की खबर को 'बेहद दुखद' बताया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी प्रतीक के निधन पर शोक व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवार के प्रति एकजुटता जताई।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ने भी प्रतीक यादव के अकस्मात निधन पर दुख व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई।

इस बीच, उत्तर प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान ने प्रतीक के निधन को 'बहुत दुखद' बताया।

संवाददाताओं से बातचीत में प्रतीक के निधन के कारणों के बारे में पूछे गये सवाल का संक्षिप्त जवाब देते हुए चौहान ने कहा, ''आजकल अक्सर ऐसी दुखद खबरें सुनने को मिलती हैं कि लोग बहुत कम उम्र में ही दिल का दौरा पड़ने से जान गंवा रहे हैं।''

हालांकि मामले की जांच की जरूरत सम्बन्धी सवाल पर चौहान ने कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि वह तो केवल प्रतीक की पत्नी और राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव को सांत्वना देने आई थीं।

भाजपा के पूर्व सांसद बृज भूषण शरण सिंह ने भी प्रतीक के निधन को हृदय विदारक और दुखद बताया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव का बुधवार सुबह लखनऊ में निधन हो गया। वह लगभग 38 वर्ष के थे।

अखिलेश यादव ने प्रतीक के निधन पर शोक व्यक्त किया और मामले की जांच की मांग के बारे में कहा कि परिवार जैसा कहेगा, वैसा किया जाएगा।

भाषा सलीम मनीषा

मनीषा