Breaking News

अमूल के बाद मदर डेयरी ने भी दूध के दाम बढ़ाए, कल से दो रुपये प्रति लीटर महंगा     |   रूस के विदेश मंत्री सर्गेइ लावरोव नई दिल्ली पहुंचे, कल ब्रिक्स समिट में लेंगे हिस्सा     |   केरल CM के नाम का कल होगा ऐलान: जयराम रमेश     |   अमूल ने दूध के दाम दो रुपये प्रति लीटर बढ़ाए     |   बागियों पर AIADMK का बड़ा एक्शन, 29 नेताओं को पद से हटाया     |  

घरेलू शेयर बाजारों में शुरुआती बढ़त के बाद गिरावट

मुंबई, 13 मई (भाषा) कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और भू-राजनीतिक अनिश्चितता के बीच घरेलू शेयर बाजार बुधवार को शुरुआती कारोबार में मामूली बढ़त के बाद गिरावट में आ गए।

विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी ने भी निवेशकों की धारणा को प्रभावित किया।

बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 75.64 अंक चढ़कर 74,614.51 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 17.10 अंक की बढ़त के साथ 23,391.10 अंक पर पहुंच गया। हालांकि, दोनों सूचकांक इस तेजी को बरकरार नहीं रख पाए। सेंसेक्स 182.60 अंक टूटकर 74,362.19 अंक पर और निफ्टी 41.05 अंक फिसलकर 23,352.25 अंक पर कारोबार करने लगा।

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से पावर ग्रिड, एनटीपीसी, बजाज फाइनेंस, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, टाइटन और एक्सिस बैंक के शेयर नुकसान में रहे। वहीं एशियन पेंट्स, अदाणी पोर्ट्स, टाटा स्टील और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर में तेजी दर्ज की गई।

एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग सकारात्मक दायरे में रहे।

अमेरिकी बाजार मंगलवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव करीब 106.6 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को शुद्ध बिकवाल रहे थे और उन्होंने 1,959.39 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

सेंसेक्स मंगलवार को 1.92 प्रतिशत और निफ्टी 1.83 प्रतिशत टूटकर बंद हुआ था।

भाषा निहारिका

निहारिका