Breaking News

असम एग्जिट पोल: NDA को 102 सीटें, कांग्रेस गठबंधन को 23 सीटें मिलने का अनुमान     |   गृहमंत्री अमित शाह लेह पहुंचे; लद्दाख के उपराज्यपाल और सांसद ने उनका स्वागत किया     |   पंजाब बीजेपी 1 मई को चंडीगढ़ में ‘जनता दी विधानसभा’ आयोजित करेगी     |   ब्रह्मोस एयरोस्पेस का रिवेन्यू FY2025-26 के लिए ₹5200 करोड़ के पार पहुंचा: DRDO     |   '226 सीटों का आंकड़ा पार करेंगे', ममता ने बंगाल में टीएमसी की जीत का दावा किया     |  

तुर्किये में पूर्व छात्र ने स्कूल पर गोलीबारी की, 16 लोग घायल; हमलावर ने खुद को भी मारी गोली

अंकारा, 14 अप्रैल (एपी) दक्षिणपूर्वी तुर्किये के एक 'वोकेश्नल हाई स्कूल' में मंगलवार को एक पूर्व छात्र ने अंधाधुंध गोलीबारी की जिसमें कम से कम 16 लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि हमलावर ने बाद में खुद को भी गोली मारकर जान दे दी।

सानलिउर्फा के राज्यपाल हसन सिल्दाक ने बताया कि 18 वर्षीय हमलावर के पास एक शॉटगन थी और उसने सानलिउर्फा प्रांत के सिवेरेक स्थित इस स्कूल में अंधाधुंध गोलीबारी की और फिर उसी इमारत के अंदर छिप गया।

उन्होंने बताया कि हमलावर ने बाद में उसी बंदूक से खुद को गोली मारकर अपनी जान ले ली।

सिल्दाक ने बताया कि इस हमले में 10 छात्र, चार शिक्षक, कैंटीन का एक कर्मचारी तथा एक पुलिस अधिकारी घायल हो गए। उन्होंने बताया कि अधिकांश घायलों का इलाज सिवेरेक में किया जा रहा है जबकि गंभीर रूप से घायल शिक्षकों और छात्रों को प्रांतीय राजधानी के एक अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है।

इस हमले का मकसद अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।

सिल्दाक ने बताया कि हमलावर का कोई अपराधिक रिकॉर्ड नहीं था। उन्होंने कहा कि स्कूल को सुरक्षित घोषित कर दिया गया है और इसकी सुरक्षा के लिए कोई स्थायी पुलिस अधिकारी तैनात नहीं है।

एनटीवी टेलीविजन और अन्य मीडिया की खबरों के अनुसार, हमलावर ने गोलीबारी से पहले सोशल मीडिया पर स्कूल पर हमला करने की धमकी दी थी।

एक छात्र ने सरकारी समाचार एजेंसी अनादोलू को बताया कि वह और उसका एक दोस्त हमलावर से बचने के लिए अपनी कक्षा की खिड़की से कूद गए।

अनादोलू ने उमर फुरकान सयार के हवाले से बताया, “वह (हमलावर) अचानक कक्षा में घुसा और गोली चलाने लगा। उसने चार-पांच बार गोली चलाई। दो लोगों को गोली लगी। फिर वह अगली कक्षा में चला गया।”

उसने कहा, “इसके बाद हममें से दो लोग खिड़की से कूद गए।”

इससे पहले मीडिया में आई खबरों के अनुसार, हमलावर के आत्मसमर्पण करने से इनकार करने के बाद पुलिस की विशेष अभियान इकाइयों को तैनात किया गया जबकि सभी छात्रों को परिसर से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

सिल्दाक ने संवाददाताओं से कहा, “पुलिस के हस्तक्षेप के बाद हमलावर को परिसर के अंदर घेर लिया गया, जिसके बाद उसने खुद को गोली मार ली जिससे उसकी मौत हो गई।”

उन्होंने यह भी बताया कि गोलीबारी की व्यापक जांच की जाएगी।

घटना के वीडियो में दर्जनों छात्र स्कूल से निकलकर गेट की ओर व सड़क पर भागते हुए दिखाई दिए।

भाषा

प्रचेता नरेश

नरेश