अगरतला, 23 मार्च (भाषा) टिपरा मोथा प्रमुख प्रद्योत देबबर्मा ने सोमवार को कहा कि उनकी पार्टी त्रिपुरा जनजातीय क्षेत्र स्वायत्त जिला परिषद (टीटीएएडीसी) चुनाव के लिए तब तक गठबंधन नहीं करेगी, जब तक कि टिप्रासा समझौते की पूर्ति की गारंटी नहीं मिलती।
देबबर्मा की यह घोषणा टिपरा मोथा के विधायक रंजीत देबबर्मा के उस बयान के कुछ दिनों बाद आई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि पार्टी ने टीटीएएडीसी चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ गठबंधन करने हेतु बातचीत शुरू कर दी है और सीटों का बंटवारा जल्द ही तय कर लिया जाएगा।
अट्ठाईस सदस्यीय आदिवासी परिषद के लिए मतदान 12 अप्रैल को होगा और मतों की गिनती 17 अप्रैल को होगी।
देबबर्मा ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘‘मेरा नाम प्रद्योत किशोर माणिक्य है और मैं अपने लोगों के लिए लड़ रहा हूं। मैं आने वाली पीढ़ी के भविष्य से कभी समझौता नहीं करूंगा। बहुत से लोगों के पास मुझसे अधिक शक्ति और धन है, लेकिन मुझे गरीब टिप्रासा के लोगों का समर्थन प्राप्त है।’’
उन्होंने किसी का नाम लिए बिना कहा, ‘‘पिछले छह महीनों से मुझे व्यक्तिगत हमलों और गाली-गलौज को सहना पड़ा, लेकिन मैंने कोई जवाब नहीं दिया। टिप्रासा के लोग 12 और 17 अप्रैल को मुंहतोड़ जवाब देंगे। आप जो भी कर सकते हैं, करें, और मैं उसके लिए तैयार हूं।’’
टिपरा मोथा ने मार्च 2024 में राज्य के आदिवासी समुदाय के समग्र सामाजिक-आर्थिक-भाषाई विकास के लिए केंद्र और राज्य सरकार के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किए थे।
यह पार्टी राज्य में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार का हिस्सा है, लेकिन आदिवासी परिषद चुनाव को लेकर दोनों पक्षों के बीच मतभेद हैं।
भाषा
अमित दिलीप
दिलीप