Breaking News

हिंदू, सिख या बौद्ध के अलावा दूसरा धर्म अपनाया तो छिन जाएगा अनुसूचित जाति का दर्जा: SC     |   UCC बिल पेश होने से पहले गुजरात विधानसभा मे हंगामा, विपक्ष ने उठाया पेट्रोल पंपों पर लगी लंबी लाइनों का मुद्दा     |   राजस्थान: 10वीं का रिजल्ट जारी, 94.23 फीसदी छात्र पास     |   मिडिल ईस्ट संकट पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मीटिंग खत्म, करीब डेढ़ घंटे चली चर्चा     |   बहरीन: ड्रोन एक्टिविटी का Amazon की क्लाउड सर्विस पर असर     |  

समृद्धि यात्रा के दौरान नीतीश कुमार ने जहानाबाद और अरवल में 405 करोड़ रुपये की योजनाएं शुरू कीं

जहानाबाद/अरवल, 23 मार्च (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को ‘समृद्धि यात्रा’ के दौरान जहानाबाद और अरवल जिलों में लगभग 405 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं और परियोजनाओं की शुरुआत की।

मुख्यमंत्री ने दोनों जिलों में चल रही योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा भी की। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) द्वारा जारी बयान में कहा गया, “मुख्यमंत्री ने जहानाबाद जिले में 252 करोड़ रुपये की योजनाओं और परियोजनाओं की शुरुआत की। इनमें 70 करोड़ रुपये की लागत से 88 योजनाओं का उद्घाटन तथा 182 करोड़ रुपये की लागत से 73 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।”

इस बयान के अनुसार मुख्यमंत्री ने जहानाबाद के पुराने प्रखंड कार्यालय परिसर में जीविका दीदियों के लिए सिलाई प्रशिक्षण-सह-उत्पादन केंद्र का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने केंद्र का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

केंद्र से जुड़ी जीविका दीदियों को प्रोत्साहित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “लगन से काम कीजिए… सरकार सभी संभव सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। आपको स्वरोजगार से जोड़ने के लिए हम हर संभव प्रयास कर रहे हैं।”

बिहार सरकार ग्रामीण विकास विभाग के तहत स्वायत्त संस्था बिहार ग्रामीण आजीविका संवर्धन सोसायटी (बीआरएलपीएस) के माध्यम से विश्व बैंक समर्थित बिहार ग्रामीण आजीविका परियोजना (बीआरएलपी) संचालित कर रही है। इसे स्थानीय तौर पर ‘जीविका’ के नाम से जाना जाता है । इसका उद्देश्य ग्रामीण गरीबों का सामाजिक और आर्थिक सशक्तीकरण करना है। इस परियोजना से जुड़ी महिलाओं को ‘जीविका दीदी’ कहा जाता है।

दिन में बाद में मुख्यमंत्री ने अरवल जिले में करीब 153 करोड़ रुपये की 272 विकास योजनाओं और परियोजनाओं की शुरुआत की। इनमें 90 करोड़ रुपये की लागत से 250 योजनाओं का उद्घाटन और 63 करोड़ रुपये की लागत से 22 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी चल रही परियोजनाओं को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने बेलखरा में प्रस्तावित सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के लिए चिन्हित भूमि की भी समीक्षा की।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी, पंचायती राज मंत्री एवं अरवल जिले के प्रभारी मंत्री दीपक प्रकाश सहित राज्य सरकार और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

भाषा कैलाश

राजकुमार

राजकुमार