Breaking News

हिंदू, सिख या बौद्ध के अलावा दूसरा धर्म अपनाया तो छिन जाएगा अनुसूचित जाति का दर्जा: SC     |   UCC बिल पेश होने से पहले गुजरात विधानसभा मे हंगामा, विपक्ष ने उठाया पेट्रोल पंपों पर लगी लंबी लाइनों का मुद्दा     |   राजस्थान: 10वीं का रिजल्ट जारी, 94.23 फीसदी छात्र पास     |   मिडिल ईस्ट संकट पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मीटिंग खत्म, करीब डेढ़ घंटे चली चर्चा     |   बहरीन: ड्रोन एक्टिविटी का Amazon की क्लाउड सर्विस पर असर     |  

मप्र : पंजाबी गायक करण औजला के कार्यक्रम में मारपीट के फर्जी वीडियो पर प्राथमिकी दर्ज

इंदौर (मध्यप्रदेश), 23 मार्च (भाषा) इंदौर में पंजाबी गायक करण औजला के हालिया कार्यक्रम में मारपीट का फर्जी वीडियो इंस्टाग्राम पर प्रसारित किए जाने को लेकर सोशल मीडिया के पांच खातों के अज्ञात संचालकों पर सोमवार को प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

खजराना थाने के प्रभारी मनोज सिंह सेंधव ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि एक वीडियो को इंस्टाग्राम पर यह दावा करते हुए प्रसारित किया गया कि औजला के 21 मार्च को इंदौर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान लोगों में मारपीट हुई।

उन्होंने बताया कि पुलिस के सोशल मीडिया निगरानी दस्ते ने इस वीडियो की जांच की, तो पता चला कि यह वीडियो इंदौर का नहीं, बल्कि मुंबई में आयोजित एक समारोह का है और पुराना है।

सेंधव ने कहा,‘‘गलत जानकारी के साथ सोशल मीडिया पर इस फर्जी वीडियो के प्रसार से आम लोगों में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हुई।’’

उन्होंने बताया कि पुलिस ने ऐसे पांच सोशल मीडिया खातों के संचालकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 (किसी लोक सेवक का विधिवत जारी आदेश नहीं मानना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है जिनके जरिये यह फर्जी वीडियो इंस्टाग्राम पर प्रसारित किया गया।

थाना प्रभारी ने बताया कि स्थानीय पुलिस ने सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की भ्रामक जानकारी फैलाने पर कानूनी रोक लगा रखी है और यह फर्जी वीडियो प्रसारित करके इस आदेश का उल्लंघन किया गया।

उन्होंने बताया,‘‘हमने इंस्टाग्राम को ई-मेल भेजकर जानकारी मांगी है कि संबंधित खाते कौन लोग चला रहे थे? आरोपियों की पहचान के बाद आगामी कदम उठाए जाएंगे।’’

भाषा हर्ष

राजकुमार

राजकुमार