Breaking News

एम्स में भर्ती हरीश राणा का निधन     |   पंजाब कैबिनेट में फेरबदल, वित्त मंत्री हरपाल चीमा को दिया गया ट्रांसपोर्ट विभाग     |   कश्मीरी अलगाववादी नेता आसिया अंद्राबी को उम्रकैद     |   गुजरात विधानसभा में सीएम भूपेंद्र पटेल ने UCC बिल पेश किया     |   ईरान बिजली संयंत्रों को तेजी से दोबारा बना सकता है: ईरान के ऊर्जा मंत्री     |  

अधिकारी आत्महत्या मामला: पंजाब के पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर गिरफ्तार

चंडीगढ़, 23 मार्च (भाषा) पंजाब राज्य भंडारण निगम के एक अधिकारी को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपी राज्य के पूर्व मंत्री एवं आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक लालजीत सिंह भुल्लर को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया। यह जानकारी पुलिस ने दी।

पुलिस के एक अधिकारी ने अमृतसर में पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि भुल्लर को फतेहगढ़ साहिब जिले के मंडी गोविंदगढ़ से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि भुल्लर को मंडी गोविंदगढ़ से अमृतसर लाया जा रहा है।

पुलिस ने बताया कि भुल्लर को मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा।

अमृतसर स्थित पंजाब राज्य भंडारण निगम के जिला प्रबंधक गगनदीप सिंह रंधावा ने शनिवार तड़के कथित तौर पर जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी। एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह (रंधावा) कथित तौर पर भुल्लर पर उन्हें प्रताड़ित करने का आरोप लगाते दिख रहे हैं। भुल्लर ने विवाद के बीच मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देश पर मंत्री पद से शनिवार को ही इस्तीफा दे दिया था।

पुलिस ने शनिवार रात भुल्लर, उनके पिता सुखदेव सिंह भुल्लर और निजी सहायक दिलबाग सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना), 351 (3) (आपराधिक धमकी) और 3 (5) (सामान्य इरादा) के तहत एक मामला दर्ज किया था।

इस बीच, मान ने स्पष्ट किया कि कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, चाहे वह किसी भी पद पर हो।

मान ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘मेरे लिए पूरा पंजाब एक परिवार है। यदि पंजाब में कोई भी कानून का उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, चाहे वह किसी भी पद पर हो, रिश्तेदार हो या प्रभावशाली व्यक्ति। किसी को भी संरक्षण देना हमारी पार्टी का एजेंडा नहीं है।’’

हालांकि, भुल्लर ने कहा कि वह मंडी गोबिंदगढ़ में आत्मसमर्पण कर रहे हैं और भागने की अफवाहों को भी खारिज किया। उन्होंने एक फेसबुक पोस्ट में कहा, ‘‘मेरे भागने की अफवाहें फैलाई जा रही थीं, इसमें कोई सच्चाई नहीं है। मैं कभी सच्चाई से नहीं भागूंगा।’’

भुल्लर ने कहा, ‘‘मुझे देश के कानून पर पूरा भरोसा है और न्याय व्यवस्था पर भी मेरा अटूट विश्वास है। मैं कहीं भागा नहीं हूं, मैं अपने पंजाब में ही हूं। सत्य और न्याय में विश्वास रखते हुए, मैं मंडी गोबिंदगढ़ में आत्मसमर्पण कर रहा हूं।’’

इससे पहले, दिन में रंधावा के परिवार ने पंजाब सरकार को भुल्लर को गिरफ्तार करने के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया था।

रंधावा के परिवार ने पहले ही कह दिया था कि भुल्लर की गिरफ्तारी तक वे पोस्टमॉर्टम और अंतिम संस्कार नहीं होने देंगे।

रंधावा के परिवार ने सोमवार को अमृतसर में मीडिया से बात करते हुए भुल्लर की गिरफ्तारी नहीं होने पर नाराजगी जतायी और उनकी जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

रंधावा की पत्नी एवं विज्ञान की शिक्षिका उपिंदर कौर ने कहा, ‘‘मेरा अल्टीमेटम है कि अगर 24 घंटे के भीतर कुछ नहीं किया गया, तो मैं अपने बच्चों (दो बेटियों और एक बेटे) के साथ सड़क पर उतर जाऊंगी।’’

सोमवार को सोशल मीडिया पर एक कथित सीसीटीवी फुटेज सामने आया, जिसमें रंधावा जहरीला पदार्थ खाते दिखे थे।

विपक्षी दलों ने पूर्व मंत्री की गिरफ्तारी की मांग करते हुए आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर दबाव बनाना शुरू कर दिया था।

शनिवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया था, जिसमें रंधावा को कथित तौर पर यह कहते हुए सुना गया कि उन्होंने एक जहरीला पदार्थ खा लिया है और उन्होंने परिवहन मंत्री पर उत्पीड़न का आरोप लगाया। रंधावा के पास पट्टी का अतिरिक्त प्रभार भी था।

रंधावा को वीडियो में यह कहते सुना गया, ‘‘खा लयी सल्फास तुहाडे यार ने। मिनिस्टर लालजीत भुल्लर दे डर तों। हुण नहीं मैं बचना (तुम्हारे दोस्त ने सल्फास खा लिया है, मंत्री लालजीत भुल्लर के डर से। अब मैं नहीं बचूंगा)।’’

रंधावा की पत्नी कौर ने पुलिस में दर्ज करायी गई अपनी शिकायत में दावा किया कि उनके पति पर भुल्लर के पिता को गोदाम का एक टेंडर आवंटित करने का लगातार दबाव बनाया जा रहा था और उन्हें और उनके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी गई थी।

कौर की शिकायत अब प्राथमिकी का हिस्सा है। कौर ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि उनके पति ने उन्हें बताया था कि उन पर लगातार दबाव डाला जा रहा है कि वे किसी भी परिस्थिति में भुल्लर के पिता के नाम पर निविदा को मंजूरी दिलवाएं।

रंधावा की पत्नी कौर ने अपनी शिकायत में कहा है कि भुल्लर, उनके पिता सुखदेव सिंह भुल्लर और उनके सहायक दिलबाग सिंह ने कथित तौर पर धमकी दी थी कि अगर निविदा सुखदेव सिंह भुल्लर के नाम पर स्वीकृत नहीं हुई, तो रंधावा और उनके परिवार को इसके परिणाम भुगतने पड़ेंगे।

प्राथमिकी के अनुसार, 13 मार्च को रंधावा को पट्टी स्थित भुल्लर के आवास पर बुलाया गया, जहां उनके साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया गया और मारपीट की गई।

कौर ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि उनके पति को बंदूक का भय दिखाकर यह स्वीकार करने के लिए मजबूर किया गया कि उन्होंने गोदाम की निविदा किसी अन्य पार्टी को आवंटित करने के लिए 10 लाख रुपये लिये।

तरनतारन के पट्टी से विधायक भुल्लर ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताया है।

शनिवार को मुख्यमंत्री मान ने कहा कि उन्होंने मुख्य सचिव को मामले की निष्पक्ष जांच करने का निर्देश दिया है और निष्पक्ष जांच के लिए मंत्री से पद छोड़ने को कहा है।

भाषा अमित दिलीप

दिलीप