Breaking News

एम्स में भर्ती हरीश राणा का निधन     |   पंजाब कैबिनेट में फेरबदल, वित्त मंत्री हरपाल चीमा को दिया गया ट्रांसपोर्ट विभाग     |   कश्मीरी अलगाववादी नेता आसिया अंद्राबी को उम्रकैद     |   गुजरात विधानसभा में सीएम भूपेंद्र पटेल ने UCC बिल पेश किया     |   ईरान बिजली संयंत्रों को तेजी से दोबारा बना सकता है: ईरान के ऊर्जा मंत्री     |  

वरिष्ठ खेल पत्रकार एस त्यागराजन का निधन

चेन्नई, 23 मार्च (भाषा) हॉकी की बेहतरीन कवरेज के लिए मशहूर वरिष्ठ खेल पत्रकार एस. त्यागराजन का सोमवार को यहां बढ़ती उम्र से जुड़ी बीमारियों के कारण निधन हो गया।

वह 85 वर्ष के थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं।

उनका अंतिम संस्कार सोमवार को चेन्नई में हुआ।

छह ओलंपिक और नौ एशियाई खेल कवर कर चुके त्यागराजन 1962 से 2013 तक ‘द हिंदू’ समाचार पत्र के लिए काम करते रहे। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 1961 में ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ से की थी।

‘द हिंदू’ के खेल संपादक के.सी. विजय कुमार ने एक्स पर लिखा, ‘‘द हिंदू के लिए कई दशक तक काम करने वाले हॉकी पत्रकारिता के दिग्गज वरिष्ठ खेल संवाददाता एस. त्यागराजन का निधन हो गया।’’

त्यागराजन अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) और एशियाई हॉकी महासंघ (एएचएफ) की मीडिया और संचार से जुड़ी कई समितियों में भी रहे।

वह भारतीय खेल पत्रकार संघ और तमिलनाडु खेल पत्रकार संघ के भी पूर्व अध्यक्ष रहे।

पूर्व भारतीय कप्तान-सह-कोच और 1980 ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता वासुदेवन भास्करन ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि आमतौर पर ‘‘त्यागु’’ के नाम से जाने जाने वाले त्यागराजन ने उनके पूरे करियर को कवर किया और हमेशा उनका समर्थन किया।

भास्करन ने पीटीआई से कहा, “जब मैंने 1969 में हॉकी खेलना शुरू किया, तब वह इस खेल को कवर कर रहे थे और ‘द हिंदू’ के लिए कॉलेज स्तर की हॉकी की रिपोर्टिंग करते थे। वहीं से उन्हें पहचान मिली। खेल के प्रति उनकी निष्ठा, प्रेम और ज्ञान बेमिसाल था।”

उन्होंने कहा, “यह भारतीय खेलों के लिए बेहद दुखद है, क्योंकि हॉकी के अलावा वह एथलेटिक्स के भी उत्कृष्ट पत्रकार थे। भारतीय हॉकी में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है।”

वरिष्ठ पत्रकार और हॉकी इतिहासकार के. अरुमुगम ने भी त्यागराजन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “मैं उन्हें 30 वर्षों से अधिक समय से जानता था। वह एक सर्वगुण संपन्न पत्रकार थे। वे सिर्फ हॉकी ही नहीं, बल्कि खेल के सभी पहलुओं पर पकड़ रखते थे।”

अरुमुगम ने कहा, “वैश्विक स्तर पर उन्हें काफी सम्मान प्राप्त था और उनके ज्ञान को व्यापक रूप से सराहा जाता था।”

भारतीय खेल पत्रकार संघ ने त्यागराजन के निधन पर शोक व्यक्त किया।

इसके अध्यक्ष सरजू चक्रवर्ती ने कहा कि उनका निधन पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।

भाषा

आनन्द

आनन्द