Breaking News

तमिलनाडु चुनाव: कमल हासन DMK दफ्तर पहुंचकर सीट शेयरिंग समझौते पर कर सकते हैं हस्ताक्षर     |   मिडिल ईस्ट की स्थिति पर राष्ट्रपति ट्रंप से सार्थक बातचीत हुई: PM मोदी     |   अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने PM मोदी से फोन पर की बात, मिडिल ईस्ट के मौजूदा हालात पर हुई चर्चा     |   2025 में पाकिस्तान सबसे प्रदूषित देशों की लिस्ट में अव्वल     |   एम्स में भर्ती हरीश राणा का निधन     |  

दिग्विजय सिंह ने ‘पैक्स सिलिका’ की भारत की सदस्यता को लेकर डेटा सुरक्षा पर रास में जताई चिंता

नयी दिल्ली, 23 मार्च (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने भारत की, अमेरिका की अगुवाई वाले रणनीतिक गठबंधन ‘पैक्स सिलिका’ की सदस्यता का जिक्र करते हुए राज्यसभा में सोमवार को देश की डेटा सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और सरकार से स्पष्टीकरण की मांग की।

शून्यकाल में यह मुद्दा उठाते हुए सिंह ने कहा कि भारत अमेरिका नीत रणनीतिक गठबंधन ‘पैक्स सिलिका’ का सदस्य है, वह इस समझौते पर हस्ताक्षर कर चुका है लेकिन चिंता की बात यह है कि इस समझौते से न केवल भारतीय नागरिकों की डेटा निजता पर असर पड़ सकता है बल्कि इससे देश की स्वतंत्र नीति निर्धारण क्षमता को भी नुकसान हो सकता है।

उन्होंने कहा कि यह गठबंधन अमेरिका की अगुवाई में बना है और इसमें अमेरिका ही ‘सर्वोच्च’ है। सिंह ने मांग की कि यह मुद्दा राष्ट्रीय सुरक्षा और आर्थिक संप्रभुता से जुड़ा है जिसे देखते हुए सरकार को इससे संबंधित सभी प्रासंगिक तथ्यों को सदन में रखना चाहिए।

सिंह ने लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा पेश डेटा की तुलना 21वीं सदी के 'कच्चे तेल' से किए जाने का संदर्भ देते हुए सवाल किया कि बिना शर्त इस समझौते पर हस्ताक्षर करना क्या 'डिजिटल उपनिवेशवाद' की ओर एक कदम है।

‘पैक्स सिलिका’ अमेरिकी सरकार का एक प्रमुख रणनीतिक फ्रेमवर्क है जिसके तहत अमेरिका अपने विश्वसनीय साझेदार देशों के साथ प्रौद्योगिकी और औद्योगिक तंत्र का साझा नेटवर्क विकसित कर रहा है। समझा जाता है कि यह पहल वैश्विक निर्माण आपूर्ति श्रंखला पर चीन के प्रभाव से निपटने में मददगार होगी।

भाषा मनीषा माधव

माधव