Breaking News

रूस का दावा: एक रात में तबाह किए 389 यूक्रेनी ड्रोन     |   कांग्रेस को पूर्व मुख्यालय 24 अकबर रोड खाली करने का फाइनल नोटिस     |   इजरायल पर ईरान का बड़ा हमला, तेल अवीव समेत कई शहरों पर मिसाइल-ड्रोन स्ट्राइक     |   आम आदमी पार्टी विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा और उनके तीन साथी गिरफ्तार     |   अमेरिका-इजरायल से जंग के बीच ईरान की पहल, पड़ोसी देशों को दिया सैन्य गठबंधन का न्योता     |  

क्रिप्टो विनिमय मंच कॉइनडीसीएक्स के दो सह-संस्थापक धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार

ठाणे (महाराष्ट्र), 23 मार्च (भाषा) ठाणे पुलिस ने क्रिप्टोकरेंसी विनिमय मंच ‘कॉइनडीसीएक्स’ के दो सह-संस्थापकों को 71.6 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी के सिलसिले में गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई 16 मार्च को ठाणे के मुंब्रा थाने में कॉइनडीसीएक्स के सह-संस्थापक सुमित गुप्ता, नीरज खंडेलवाल और अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और जालसाजी के आरोपों में दर्ज प्राथमिकी के बाद की गई है।

मामले के शिकायतकर्ता 42 वर्षीय बीमा सलाहकार ने आरोप लगाया है कि अगस्त 2025 से इस वर्ष मार्च के बीच उन्हें क्रिप्टोकरेंसी मंच से कथित तौर पर जुड़ी एक कंपनी में निवेश करने पर उच्च मुनाफे के झांसे में लाकर 71.6 लाख रुपये का चूना लगाया गया।

वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अनिल शिंदे ने बताया कि मुंब्रा पुलिस की एक टीम ने शनिवार को बेंगलुरु से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। उन्हें बाद में ठाणे लाया गया और रविवार को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जिसने उन्हें सोमवार तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।

अधिकारी ने बताया, ‘‘इस निवेश योजना से जुड़े और भी पीड़ितों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।’’

भाषा गोला शोभना

शोभना