Breaking News

मिडिल ईस्ट पर सर्वदलीय बैठक खत्म, विपक्ष से सरकार ने कहा- कंट्रोल में हैं हालात     |   चांदी 11,250 रुपये प्रति किलोग्राम और सोना 4,900 रुपये उछला     |   नोएडा: सेक्टर 16 मेट्रो ट्रैक पर कूदी युवती, हुई गंभीर रूप से घायल     |   इजरायल ने ईरान के पनडुब्बियां बनाने वाले एकमात्र ठिकाने पर बड़ा हमला किया     |   रामनवमी पर योगी सरकार का फैसला, 26 के साथ अब 27 मार्च को भी रहेगा अवकाश     |  

उत्तराखंड : पौड़ी में आंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने के मामले में मुकदमा दर्ज

पौड़ी, 22 मार्च (भाषा) उत्तराखंड में पौड़ी जिले के श्रीनगर में डॉ बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि अलकनंदा नदी के किनारे अलकेश्वर घाट के निकट पार्क में स्थापित आंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किए जाने की जानकारी शनिवार को शाम करीब चार बजे मिली। पुलिस के मुताबिक वहां से गुजर रहे लोगों ने बाबा साहेब की प्रतिमा के चेहरे पर लाल व काला रंग लगा देखा और पुलिस को इसकी सूचना दी।

इसके बाद, श्रीनगर पुलिस थाने में अज्ञात शरारती तत्वों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया और मामले की जांच शुरू की गयी।

पुलिस की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलन करने के बाद प्रतिमा की सफाई करवाई। दोषियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को खंगालने के अलावा आमजन से घटना से संबंधित कोई भी जानकारी, फोटो या वीडियो साझा करने का अनुरोध किया है।

पौड़ी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सर्वेश पंवार ने कहा कि घटना के लिए जिम्मेदार लोग जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

भाषा

सं, दीप्ति रवि कांत