नयी दिल्ली, 22 मार्च (भाषा) दिल्ली में 25 से 31 मार्च तक पहली बार अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है, जिसमें 47 देशों की 140 से अधिक फिल्में राजधानी के कई स्थानों पर दिखाई जाएंगी।
एक बयान के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव दिल्ली (आईएफएफडी)-2026 में निःशुल्क सार्वजनिक प्रदर्शन, चर्चाएं, कार्यशालाएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
विक्की कौशल, हेमा मालिनी, भूमि पेडनेकर, राणा दग्गुबाती और मधुर भंडारकर सहित भारतीय व अंतरराष्ट्रीय सिनेमा की कई प्रमुख हस्तियों के इस सप्ताह भर चलने वाले कार्यक्रम में भाग लेने की उम्मीद है।
इस खास महोत्सव का उद्घाटन भारत मंडपम में होगा जहां रंगारंग कार्यक्रम का संचालन निम्रत कौर और अर्जुन कपूर करेंगे।
अनुपम खेर, सान्या मल्होत्रा और सिद्धांत चतुर्वेदी भी उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे।
फिल्म महोत्सव में ऑस्कर के लिए नामित फिल्म ‘सीरत’ का प्रदर्शन किया जाएगा। बयान में कहा गया कि फिल्में भारत मंडपम, पीवीआर-आईएनओएक्स सिनेमाघरों और शहर भर के अन्य सार्वजनिक स्थानों पर दिखाई जांएगी।
इस महोत्सव में अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्में, वृत्तचित्र, लघु फिल्में, एनिमेशन और क्लासिक फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी।
फिल्म निर्माता गुरु दत्त की जन्म शताब्दी के उपलक्ष्य में एक विशेष आयोजन के तहत फिल्म ‘प्यासा’ का 4के संस्करण भी दिखाया जाएगा।
महोत्सव के लिए पंजीकरण शुरू हो गए हैं।
बयान में यह भी बताया गया कि फिल्मों प्रदर्शन स्थल और अन्य कार्यक्रमों में प्रवेश, अग्रिम बुकिंग और स्थल की क्षमता के आधार पर होगा।
यह महोत्सव दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम (डीटीटीडीसी) द्वारा दिल्ली सरकार के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
भाषा जितेंद्र संतोष
संतोष