Breaking News

मिडिल ईस्ट पर सर्वदलीय बैठक खत्म, विपक्ष से सरकार ने कहा- कंट्रोल में हैं हालात     |   चांदी 11,250 रुपये प्रति किलोग्राम और सोना 4,900 रुपये उछला     |   नोएडा: सेक्टर 16 मेट्रो ट्रैक पर कूदी युवती, हुई गंभीर रूप से घायल     |   इजरायल ने ईरान के पनडुब्बियां बनाने वाले एकमात्र ठिकाने पर बड़ा हमला किया     |   रामनवमी पर योगी सरकार का फैसला, 26 के साथ अब 27 मार्च को भी रहेगा अवकाश     |  

देश में महिलाओं की स्थिति 'बहुत खराब' : अखिलेश यादव

लखनऊ, 22 मार्च (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने देश में महिलाओं की स्थिति 'बहुत खराब' होने का दावा करते हुए रविवार को कहा कि 'आधी आबादी' की भागीदारी के बिना सच्ची तरक्की मुमकिन नहीं है।

यादव ने आज सपा कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा, ''अगर किसी समाज या देश को समझना है, तो उसकी महिलाओं की स्थिति देखनी होगी, और अगर वह बात पता चल जाए, तो पूरे समाज की स्थिति का पता चल जाएगा। भारत में, जहां अलग-अलग जाति और धर्म के लोग रहते हैं वहां अंदाजा लगाने पर पता चलता है कि हमारी महिलाओं और बहनों की हालत असल में बहुत खराब है।''

उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि भविष्य में समाजवादी पार्टी की सरकार आने पर महिला सुरक्षा, महिला स्वास्थ्य, महिला सम्मान और महिला खुशहाली से जुड़ी परियोजनाओं को और बेहतर तरीके से लागू किया जाएगा।

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ''मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि आधी आबादी यानी महिलाओं की भागीदारी के बिना सच्ची तरक्की नामुमकिन है, इसलिए पीडीए (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक) की सबसे बड़ी ताकत पिछड़े वर्ग, दलित, अल्पसंख्यक और हमारे मुस्लिम भाई हैं, लेकिन हम इस आधी आबादी के सहयोग के बिना समाज और देश को आगे नहीं बढ़ा सकते।''

उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी अगले साल होने वाले उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में पीडीए के दम पर सरकार बनाकर महिलाओं के सम्मान के लिए विशेष योजनाएं लागू करेगी और उन्हें खुशहाल जिंदगी की राह पर ले जाएगी।

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने शासनकाल में शुरू की गई महिला हेल्पलाइन 1090 का जिक्र करते हुए कहा, ''जब '1090' हेल्पलाइन पहली बार शुरू हुई थी, तो बहुत से लोगों को शक था कि यह आखिर में कितनी असरदार साबित होगी। हालांकि, मुझे यह देखकर खुशी हुई कि एक बार जब 1090 के जरिए लड़कियों और महिलाओं की मदद करने तथा उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की पहल शुरू हुई और जब नतीजे के आंकड़े अखबारों में छपे तो उच्चतम न्यायालय ने भी इस कोशिश की तारीफ की, और साथ ही सुझाव दिया कि दूसरे राज्यों को भी इससे सीखना चाहिए।''

उन्होंने अपने पिता एवं पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव द्वारा लड़कियों की पढ़ाई में मदद के लिए शुरू की गई 'कन्या विद्याधन योजना' का भी जिक्र करते हुए कहा, ''उस समय, देश में लड़कियों की पढ़ाई और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए कोई खास योजना नहीं थी। नेताजी (मुलायम सिंह यादव) ने यह कोशिश शुरू की, और उसके बाद आई समाजवादी सरकार में हमने इसे और बढ़ाने तथा मजबूत करने का काम किया है।''

सपा प्रमुख ने कहा कि वर्ष 2027 में प्रदेश में सपा की सरकार बनने के बाद सरकार बेटियों की पढ़ाई और माताओं-बहनों की भलाई के लिए और भी बड़ी योजनाएं लागू करेगी।

कार्यक्रम में मौजूद उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव आलोक रंजन ने इस अवसर पर कहा कि सपा अध्यक्ष ने अपने मुख्यमंत्रित्व काल में अपर पुलिस महानिदेशक का एक खास पद सृजित किया था, जिस पर एक महिला अधिकारी की तैनाती की जाती थी।

उन्होंने बताया कि उस महिला अफसर की देखरेख में काम करने वाले पूरे संगठनात्मक ढांचे को महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों पर लगातार नजर रखने का काम सौंपा गया था ताकि यह सुनिश्चित हो कि सही कार्रवाई की जा रही है और यह देखा जा सके कि क्या रोकथाम के उपाय ऐसे अपराधों को रोकने में कामयाब हो रहे हैं।

भाषा

सलीम रवि कांत