Breaking News

मिडिल ईस्ट पर सर्वदलीय बैठक खत्म, विपक्ष से सरकार ने कहा- कंट्रोल में हैं हालात     |   चांदी 11,250 रुपये प्रति किलोग्राम और सोना 4,900 रुपये उछला     |   नोएडा: सेक्टर 16 मेट्रो ट्रैक पर कूदी युवती, हुई गंभीर रूप से घायल     |   इजरायल ने ईरान के पनडुब्बियां बनाने वाले एकमात्र ठिकाने पर बड़ा हमला किया     |   रामनवमी पर योगी सरकार का फैसला, 26 के साथ अब 27 मार्च को भी रहेगा अवकाश     |  

माकपा नेता स्मिता सुंदरेशन भाजपा में शामिल हुईं

तिरुवनंतपुरम, 22 मार्च (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नेता स्मिता सुंदरेशन रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गयीं और उन्होंने आरोप लगाया कि माकपा में मूल्यों का पतन हो गया है।

तिरुवनंतपुरम जिले के माकपा नेता सुंदरेशन की बेटी स्मिता सुंदरेशन वर्कला ब्लॉक पंचायत में पार्षद के रूप में कार्यरत थीं और पार्टी की वर्कला क्षेत्र समिति की सदस्य थीं।

यहां आयोजित एक कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर और पार्टी के प्रदेश प्रभारी प्रकाश जावडेकर ने भाजपा में उनका स्वागत किया।

पत्रकारों से बात करते हुए सुंदरेशन ने कहा कि उन्होंने भाजपा में शामिल होने के लिए ब्लॉक पंचायत पार्षद के पद से इस्तीफा दे दिया है।

उन्होंने कहा, 'माकपा में मूल्यों का पतन ही वह कारण था जिसने मुझे भाजपा में शामिल होने के लिए प्रेरित किया। इससे भी अधिक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू किए गए अभूतपूर्व विकास कार्यों ने भी मुझे आकर्षित किया।'

उन्होंने आरोप लगाया कि माकपा के भीतर व्यक्तिगत हित और पूर्वाग्रह आम हो गए हैं।

उन्होंने कहा, 'जब निहित स्वार्थों से जुड़े मामलों की बात आती है तो माकपा अपनी विचारधारा और नियमों का पालन नहीं करती है।'

ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि सुंदरेशन को वर्कला निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया जा सकता है और भाजपा संभवतः राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सहयोगी बीडीजेएस से यह सीट ले सकती है।

भाषा

शुभम संतोष

संतोष