Breaking News

मिडिल ईस्ट पर सर्वदलीय बैठक खत्म, विपक्ष से सरकार ने कहा- कंट्रोल में हैं हालात     |   चांदी 11,250 रुपये प्रति किलोग्राम और सोना 4,900 रुपये उछला     |   नोएडा: सेक्टर 16 मेट्रो ट्रैक पर कूदी युवती, हुई गंभीर रूप से घायल     |   इजरायल ने ईरान के पनडुब्बियां बनाने वाले एकमात्र ठिकाने पर बड़ा हमला किया     |   रामनवमी पर योगी सरकार का फैसला, 26 के साथ अब 27 मार्च को भी रहेगा अवकाश     |  

उप्र : हरिद्वार में गौकशी के शक में मुस्लिम युवक के साथ मारपीट

देहरादून, 22 मार्च (भाषा) उत्तराखंड के हरिद्वार में वाहन से गोवंशीय मवेशी ले जा रहे एक मुस्लिम युवक को गौकशी के शक में कुछ युवकों ने रोक लिया और उसे जबरन अपनी कार में बैठाकर उसके साथ मारपीट की।

खुद को ‘गौ सेवक’ बताने वाले पांच युवकों ने पीड़ित युवक से नाम-पता पूछते हुए मारपीट का वीडियो भी बनाया और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।

वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पीड़ित और आरोपियों की पहचान की तथा कनखल क्षेत्र के बैरागी कैंप निवासी पीड़ित सद्दाम की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया गया।

पुलिस ने बताया कि तहरीर के मुताबिक, 19 मार्च की रात को सद्दाम एक वाहन में दो गायें और एक बछड़ा लेकर निकटवर्ती दिनारपुर जा रहा था, जहां रास्ते में काली मंदिर के पास आरोपी युवकों ने उसे रोक लिया। युवकों ने सद्दाम पर गायों को गौकशी के लिए ले जाने का आरोप लगाते हुए उसे जबरन अपनी कार में बैठा लिया तथा उसके साथ मारपीट की।

सद्दाम ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने दोबारा गायें ले जाते दिखने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों की पहचान पवन, पीयूष, राजन चौधरी, अभय और सौरभ के रूप में हुई है।

हरिद्वार के पुलिस अधीक्षक (नगर) अभय प्रताप सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में तत्काल कार्रवाई की गयी और आरोपी युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया गया है।

भाषा

दीप्ति रवि कांत