Breaking News

मिडिल ईस्ट पर सर्वदलीय बैठक खत्म, विपक्ष से सरकार ने कहा- कंट्रोल में हैं हालात     |   चांदी 11,250 रुपये प्रति किलोग्राम और सोना 4,900 रुपये उछला     |   नोएडा: सेक्टर 16 मेट्रो ट्रैक पर कूदी युवती, हुई गंभीर रूप से घायल     |   इजरायल ने ईरान के पनडुब्बियां बनाने वाले एकमात्र ठिकाने पर बड़ा हमला किया     |   रामनवमी पर योगी सरकार का फैसला, 26 के साथ अब 27 मार्च को भी रहेगा अवकाश     |  

दिल्ली के जनकपुरी में कार की टक्कर से कांस्टेबल घायल, चालक गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 22 मार्च (भाषा) दिल्ली के जनकपुरी इलाके में वाहनों की जांच के दौरान एक कार चालक ने भागने की कोशिश की और इसी दौरान दिल्ली यातायात पुलिस का एक कांस्टेबल टक्कर लगने से घायल हो गया। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया और आरोपी चालक नीलेश कुमार को गिरफ्तार किया है, जो दिल्ली के द्वारका के बागडोला इलाके का निवासी है।

उन्होंने बताया कि यह घटना शनिवार शाम को लाल साई मार्ग पर भारती कॉलेज के निकट हुई, जब यातायात कर्मी शराब पीकर गाड़ी चलाने पर अंकुश लगाने के लिए नियमित जांच कर रहे थे।

पुलिस के अनुसार, उपनिरीक्षक गुरदीप सिंह और कांस्टेबल मोहन पाल की टीम ने संदेह होने पर एक कार को रुकने का इशारा किया। हालांकि, चालक ने कथित तौर पर भागने की कोशिश की और इस दौरान उसने वाहन से कांस्टेबल को टक्कर मार दी।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘कांस्टेबल को सामने से टक्कर लगी और वह कार के बोनट पर गिर पड़े, जिसके बाद कुछ मीटर आगे जाकर वह सड़क पर जा गिरे।’’

पुलिस ने बताया कि यातायात कर्मियों की शिकायत के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उसने बताया कि घायल कांस्टेबल को चिकित्सा उपचार दिया गया है।

भाषा शफीक देवेंद्र

देवेंद्र