Breaking News

खड़गे को नरवणे की बुक से कोट की इजाजत नहीं मिलने पर विपक्ष का राज्यसभा से वॉकआउट     |   गुजरात HC ने 45000 वर्ग मीटर जमीन आसाराम से वापस लेने की राज्य सरकार को मंजूरी दी     |   लोकसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित     |   कांग्रेस सांसद इमरान मसूद बोले- पहले राहुल जी को सुनें, उसके बाद ही प्रधानमंत्री को बोलने देंगे     |   बेंगलुरु मेट्रो में किराए को लेकर हुई बढ़ोतरी 9 फरवरी से लागू होगी     |  

रवनीत बिट्टू पर राहुल गांधी की टिप्पणी के खिलाफ भाजपा ने कांग्रेस मुख्यालय के पास प्रदर्शन किया

नयी दिल्ली, चार फरवरी (भाषा) संसद भवन परिसर में राहुल गांधी द्वारा केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को 'गद्दार' कहे जाने के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बुधवार को अकबर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय के निकट प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारी कांग्रेस मुख्यालय के पास मानसिंह रोड पर एकत्र हुए और 'सिख सरदार है, राहुल गांधी गद्दार है' के नारे लगाए व कांग्रेस नेता गांधी से माफी की मांग की।

पुलिस ने बताया कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड्स पर चढ़ने की कोशिश की और इनमें से कम से कम सात से दस लोगों को हिरासत में लिया गया है।

विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि 'गांधी ने केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे सिख समुदाय का अपमान किया, जोकि देश का गौरव है।'

दिन में संसद के मकर द्वार के पास गांधी और बिट्टू के बीच तीखी बहस हुई।

कांग्रेस द्वारा जारी वीडियो में गांधी को बिट्टू को 'गद्दार' कहते हुए सुना जा सकता है, जबकि मंत्री ने पलटकर जवाब देते हुए 'देश का दुश्मन' की टिप्पणी की।

यह घटना संसद के मकर द्वार के निकट हुई, जहां वर्तमान बजट सत्र की शेष अवधि से निलंबित किए गए आठ विपक्षी सांसदों के साथ एकजुटता प्रदर्शित करते हुए राहुल गांधी प्रदर्शन कर रहे थे।

भाजपा के कई सिख नेताओं सहित प्रदर्शनकारी मानसिंह रोड से कांग्रेस मुख्यालय की ओर बढ़े, लेकिन पुलिस ने उन्हें बैरिकेड पर रोक दिया।

पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।

अधिकारी ने कहा, 'प्रदर्शन के दौरान, कुछ प्रदर्शनकारी वहां लगाए गए बैरिकेड्स पर चढ़ने की कोशिश कर रहे थे। हमने उन्हें वहां से हटाया और कम से कम सात से दस प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है।'

तीन बार सांसद रह चुके बिट्टू रेल तथा खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री हैं। उन्होंने 2024 लोकसभा चुनावों से पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था।

भाषा

राखी पवनेश

पवनेश