Breaking News

खड़गे को नरवणे की बुक से कोट की इजाजत नहीं मिलने पर विपक्ष का राज्यसभा से वॉकआउट     |   गुजरात HC ने 45000 वर्ग मीटर जमीन आसाराम से वापस लेने की राज्य सरकार को मंजूरी दी     |   लोकसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित     |   कांग्रेस सांसद इमरान मसूद बोले- पहले राहुल जी को सुनें, उसके बाद ही प्रधानमंत्री को बोलने देंगे     |   बेंगलुरु मेट्रो में किराए को लेकर हुई बढ़ोतरी 9 फरवरी से लागू होगी     |  

दिल्ली: व्यापारी की मौत के मामले में पिता ने उसके दोस्त की भूमिका की गहन जांच की मांग की

नयी दिल्ली, चार फरवरी (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के कनॉट प्लेस में 36 वर्षीय व्यापारी पर हुए हमले के कुछ दिन बाद हुई उसकी मौत के सिलसिले में उसके पिता ने अपने बेटे के दोस्त की भूमिका की गहन जांच की मांग की है।

व्यापारी के पिता ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान मौके पर मौजूद उनके बेटे का दोस्त बार-बार अपने बयान बदल कर पीड़ित परिवार को गुमराह कर रहा है।

पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर निवासी शिवम गुप्ता को दो जनवरी की रात कनॉट प्लेस के पास बहस के बाद, फूड डिलीवरी करने वालों ने कथित तौर पर घूंसे मारे और हेलमेट से सिर पर चोट पहुंचाई, जिसके कुछ दिनों बाद 19 जनवरी को उसकी मौत हो गई थी।

शिवम के पिता अनिल कांत गुप्ता ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि उनके बेटे का दोस्त गीता कॉलोनी निवासी पंकज घटना के समय उसके साथ था और उसे उस रात बाहर ले गया था।

गुप्ता ने कहा, ‘‘पंकज मेरे बेटे को अपने साथ ले गया था। मैंने बाद में सीसीटीवी फुटेज में उसे शिवम के साथ घटनास्थल पर देखकर घटनाक्रम जानने के लिए पूछताछ की।’’

उन्होंने कहा कि वह (पंकज) लगातार ‘‘हमें गुमराह कर रहा है’’ और अपने बयान भी बदल रहा है।

गुप्ता ने आरोप लगाया कि पंकज उन लोगों में से एक था जो पूरी रात शिवम के साथ था और सीसीटीवी फुटेज में उसे राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के समीप सड़क पर घायल पड़े शिवम के पास खड़े देखा जा सकता है।

शिवम के पिता ने झगड़े की शुरुआत के बारे में कई अलग-अलग बातें भी बताईं और कहा कि इन विरोधाभास से पंकज सहित वहां मौजूद सभी लोगों की भूमिका की गहन जांच करने की आवश्यकता और बढ़ गई है।

पुलिस ने घटना के सिलसिले में प्राथमिकी दर्ज कर दो लोगों को हिरासत में लिया है। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने इस घटना के संबंध में अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

भाषा यासिर सुभाष

सुभाष