Breaking News

खड़गे को नरवणे की बुक से कोट की इजाजत नहीं मिलने पर विपक्ष का राज्यसभा से वॉकआउट     |   गुजरात HC ने 45000 वर्ग मीटर जमीन आसाराम से वापस लेने की राज्य सरकार को मंजूरी दी     |   लोकसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित     |   कांग्रेस सांसद इमरान मसूद बोले- पहले राहुल जी को सुनें, उसके बाद ही प्रधानमंत्री को बोलने देंगे     |   बेंगलुरु मेट्रो में किराए को लेकर हुई बढ़ोतरी 9 फरवरी से लागू होगी     |  

2024 में खिताब जीतने वाली टीम से एक कदम आगे है भारत की 2026 की टीम

नयी दिल्ली, चार फरवरी (भाषा) मौजूदा भारतीय टीम को सबसे छोटे प्रारूप में रोकना मुश्किल लगता है और उसके अंदर का माहौल उस टीम से अलग है जिसने 19 महीने पहले बारबाडोस में आईसीसी खिताब का लंबा इंतजार खत्म किया था।

2024 में टी20 विश्व कप जीतने वाली टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से शीर्ष क्रम में टीम की अगुआई की जिससे भारत को आखिरकार सबसे छोटे प्रारूप में सफलता हासिल करने वाला संयोजन मिल गया था।

यह कहना सही होगा कि मौजूदा टीम ने उस रवैये को आगे बढ़ाया और भारत के टी20 खेल को अगले स्तर तक पहुंचाया। ऐसा लगता है कि अगर टीम का दिन बहुत खराब रहे तभी वह घर पर ट्रॉफी जीतने से रूक सकती है।

पूर्व भारतीय विकेटकीपर दीप दासगुप्ता ने पीटीआई को बताया, ‘‘टीम में कुछ बदलाव हुए हैं, लेकिन जब से रोहित ने कुछ साल पहले अपनी टीम को वह ट्रॉफी दिलाई है तब से यह टीम अगले स्तर पर पहुंच गई है। हाल में टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ जिस तरह का खेल दिखाया, वह कुछ खास था। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘भारत को फिर से ट्रॉफी जीतनी चाहिए, अगर उसके लिए वह दिन खराब नहीं रहे जो इस प्रारूप में हो सकता है। ’’

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम के आठ सदस्य कैरेबियाई सरजमीं पर ट्रॉफी जीतने वाली टीम का हिस्सा थे।

टीम में रोहित या विराट कोहली नहीं हैं, लेकिन भारतीय क्रिकेट में इतनी गहराई है कि टीम को सुपरस्टार के बाहर होने के बाद आगे बढ़ने में ज्यादा समय नहीं लगा। हालांकि ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या ने टीम को एकजुट रखने वाले खिलाड़ी के तौर पर अपनी भूमिका निभाई है। ’’

बारबाडोस में 2024 के फाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वापसी करते हुए जीत हासिल करने के बाद राष्ट्रीय टीम में अभिषेक शर्मा और वरुण चक्रवर्ती को शामिल किया गया है जो फिलहाल क्रमश: आईसीसी बल्लेबाजी और गेंदबाजी रैंकिंग में शीर्ष पर हैं।

तिलक वर्मा का भी टीम में शामिल होना अच्छा है जिन्होंने पिछले साल एशिया कप में अपनी पहचान बनाई थी। शिवम दुबे 2024 चरण का हिस्सा थे, अब वह बल्लेबाज और गेंदबाज दोनों के तौर पर अपनी भूमिका निभा रहे हैं।

जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह दो मुख्य तेज गेंदबाज हैं और अगर जरूरत पड़ी तो हर्षित राणा एक काबिल ‘बैक-अप’ के तौर पर उपलब्ध हैं जिन्होंने हाल में बल्ले और गेंद दोनों से प्रभाव डाला है।

ईशान किशन को विश्व कप टीम में बैक-अप विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर शामिल करना हैरानी भरा था लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ श्रृंखला में यादगार वापसी के बाद अमेरिका के खिलाफ पहले मैच में उनका खेलना तय है।

भाषा नमिता सुधीर

सुधीर