Breaking News

खड़गे को नरवणे की बुक से कोट की इजाजत नहीं मिलने पर विपक्ष का राज्यसभा से वॉकआउट     |   गुजरात HC ने 45000 वर्ग मीटर जमीन आसाराम से वापस लेने की राज्य सरकार को मंजूरी दी     |   लोकसभा की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित     |   कांग्रेस सांसद इमरान मसूद बोले- पहले राहुल जी को सुनें, उसके बाद ही प्रधानमंत्री को बोलने देंगे     |   बेंगलुरु मेट्रो में किराए को लेकर हुई बढ़ोतरी 9 फरवरी से लागू होगी     |  

दिल्ली पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी के कई गिरोह का भंडाफोड़ किया; 55 लोग गिरफ्तार

नयी दिल्ली, चार फरवरी (भाषा) दिल्ली पुलिस ने एक महीने तक चले अभियान के दौरान कई अंतरराज्यीय साइबर धोखाधड़ी गिरोहों का भंडाफोड़ करते हुए 55 लोगों को गिरफ्तार किया और चोरी की गई राशि में से 4.84 करोड़ रुपये बरामद किए, जबकि 1.55 करोड़ रुपये 'फ्रीज' किए गए। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि वित्तीय लेन-देन के विश्लेषण और कई राज्यों में समन्वित क्षेत्रीय अभियानों के बल पर सफलता मिली।

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) डी. शरद भास्कर ने एक बयान में कहा, ‘‘इस अवधि के दौरान अदालती आदेशों के माध्यम से पीड़ितों को लगभग 39 लाख रुपये वापस किए गए, जिससे फर्जी निवेश और ट्रेडिंग योजनाओं के लिए ‘डिजिटल अरेस्ट’ का उपयोग करके विभिन्न ऑनलाइन धोखाधड़ी में ठगे गए लोगों को आंशिक राहत मिली।’’

अधिकारी ने बताया कि तमिलनाडु, महाराष्ट्र, झारखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश और दिल्ली में छापेमारी किए जाने के बाद 55 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इन गिरफ्तारियों के साथ पुलिस ने जनवरी माह के दौरान 20 साइबर मामलों को सुलझाया और जांच के बाद 13 मामलों का निस्तारण कर दिया।

पुलिस ने बताया कि जनकपुरी के एक सेवानिवृत्त केंद्रीय सरकारी कर्मचारी से ‘डिजिटल अरेस्ट’ कर 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी होने के बाद पूरी जांच शुरू की गई थी।

भाषा यासिर पवनेश

पवनेश