Breaking News

मेघालय कोयला खदान हादसे पर अमित शाह ने CM से बात की     |   ट्रंप के दामाद जेयर्ड कुश्नर और विशेष दूत स्टीव विटकॉफ कतर पहुंचे     |   मुंबई का मेयर चुनाव 11 फरवरी को दोपहर 12 बजे होगा     |   UPSC सिविल सेवा प्री-एग्जाम 24 मई को, उम्मीदवारों के लिए फेस ऑथेंटिकेशन अनिवार्य     |   बस सवालों से इतनी घबराहट? मोदी सच्चाई से ऐसा डरे, झूठ की शरण ले ली: राहुल गांधी     |  

खेमचंद शाम छह बजे मणिपुर के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे

इंफाल, चार फरवरी (भाषा) राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) विधायक दल के नेता वाई खेमचंद सिंह बुधवार शाम छह बजे मणिपुर के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे। प्रदेश भाजपा ने यह जानकारी दी।

शपथ ग्रहण समारोह ‘लोक भवन’ में होगा, जहां सुबह से ही तैयारियां जारी हैं।

भाजपा की मणिपुर इकाई ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘वाई खेमचंद सिंह का मणिपुर के माननीय मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण समारोह आज यानी चार फरवरी 2026 को शाम छह बजे लोक भवन में होगा।’’

इसमें आगे कहा गया, ‘‘उनके अनुभवी और दूरदर्शी नेतृत्व में मणिपुर शांति, विकास और सुशासन के रास्ते पर आगे बढ़ने के लिए तैयार है, जिससे राज्य में स्थिरता और प्रगति का एक नया युग शुरू होगा।’’

इससे पहले दिन में, 62-वर्षीय सिंह ने मणिपुर में सरकार बनाने का दावा पेश किया।

अशांत मणिपुर में पिछले साल फरवरी से राष्ट्रपति शासन लागू है।

सिंह के नेतृत्व में राजग के प्रतिनिधिमंडल ने यहां लोक भवन में राज्यपाल अजय कुमार भल्ला से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया।

भल्ला से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में चुराचांदपुर और फेरजॉल के कुकी-जो बहुल जिलों के दो विधायक शामिल थे।

सिंह को मंगलवार को नयी दिल्ली में भाजपा विधायक दल का नेता और उसके बाद राजग विधायक दल का नेता चुना गया।

भाजपा विधायक थोंगबम बिस्वजीत ने पहले कहा था कि सिंह समेत पांच विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे।

भाषा शफीक सुरेश

सुरेश