Breaking News

मेघालय कोयला खदान हादसे पर अमित शाह ने CM से बात की     |   ट्रंप के दामाद जेयर्ड कुश्नर और विशेष दूत स्टीव विटकॉफ कतर पहुंचे     |   मुंबई का मेयर चुनाव 11 फरवरी को दोपहर 12 बजे होगा     |   UPSC सिविल सेवा प्री-एग्जाम 24 मई को, उम्मीदवारों के लिए फेस ऑथेंटिकेशन अनिवार्य     |   बस सवालों से इतनी घबराहट? मोदी सच्चाई से ऐसा डरे, झूठ की शरण ले ली: राहुल गांधी     |  

शिक्षक भर्ती घोटाले के आरोपी पार्थ चटर्जी को विधानसभा की दो समितियों में शामिल किया गया

कोलकाता, चार फरवरी (भाषा) शिक्षक भर्ती घोटाले को लेकर जेल में रहे पश्चिम बंगाल के पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी को पश्चिम बंगाल विधानसभा की दो समितियों में शामिल किया गया है।

एक आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, बहाला पश्चिम से विधायक चटर्जी को विधानसभा की पुस्तकालय समिति तथा आवास, अग्नि एवं आपातकालीन सेवाएं एवं आपदा प्रबंधन संबंधी स्थायी समिति में शामिल किया गया है।

शिक्षक भर्ती घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद जुलाई 2022 में चटर्जी को मंत्री पद और तृणमूल कांग्रेस के सभी पदों से भी हटा दिया गया था।

उनसे जुड़ी संपत्तियों से करोड़ों रुपये नकद बरामद होने के बाद उनकी गिरफ्तारी हुई। उन्हें पिछले साल 11 नवंबर को जमानत पर रिहा किया गया।

विधानसभा सचिवालय के एक अधिकारी ने बताया कि सदन के नियमों के तहत प्रत्येक निर्वाचित सदस्य का कम से कम दो समितियों में शामिल होना अनिवार्य है।

उन्होंने कहा, “विधानसभा अध्यक्ष बिमान बनर्जी का पार्थ को दो समितियों में शामिल करने का फैसला स्थापित संसदीय प्रक्रिया के अनुरूप है, क्योंकि वह वर्तमान विधायक हैं और यह कोई खास रियायत नहीं है।’’

इस बीच, विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि यदि आगामी बजट सत्र के दौरान चटर्जी को सत्ता पक्ष की ओर स्थान दिया जाता है, तो इससे यह संकेत जाएगा कि तृणमूल भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई को लेकर गंभीर नहीं है।

भाषा खारी अमित

अमित