Breaking News

मेघालय कोयला खदान हादसे पर अमित शाह ने CM से बात की     |   ट्रंप के दामाद जेयर्ड कुश्नर और विशेष दूत स्टीव विटकॉफ कतर पहुंचे     |   मुंबई का मेयर चुनाव 11 फरवरी को दोपहर 12 बजे होगा     |   UPSC सिविल सेवा प्री-एग्जाम 24 मई को, उम्मीदवारों के लिए फेस ऑथेंटिकेशन अनिवार्य     |   बस सवालों से इतनी घबराहट? मोदी सच्चाई से ऐसा डरे, झूठ की शरण ले ली: राहुल गांधी     |  

राकांपा विलय वार्ता पर टिप्पणी का फडणवीस को कोई हक नहीं: शरद पवार

बारामती, चार फरवरी (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार ने बुधवार को कहा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस राकांपा के दोनों गुटों के बीच विलय को लेकर हुई चर्चाओं का हिस्सा नहीं थे, इसलिए उन्हें इस पर टिप्पणी करने का कोई अधिकार नहीं है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद पवार ने दावा किया कि राकांपा (शप) के नेता जयंत पाटिल और उनके भतीजे एवं राकांपा प्रमुख रहे अजित पवार विलय वार्ता का नेतृत्व कर रहे थे।

पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की 28 जनवरी को पुणे जिले के बारामती में एक विमान दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी।

अजित पवार की मृत्यु के बाद, शरद पवार और उनकी पार्टी के अन्य नेताओं ने दावा किया था कि विलय को लेकर बातचीत लगभग अंतिम चरण में थी और अजित पवार ने दोनों गुटों को एक करने की घोषणा के लिए 12 फरवरी की तारीख तय कर ली थी।

वहीं मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा था कि अगर वास्तव में विलय को लेकर बातचीत की जा रही होती, तो अजित पवार ने उन्हें इसकी जानकारी दी होती।

फडणवीस की इन टिप्पणियों बारे में पूछे जाने पर शरद पवार ने कहा, “मुझे समझ नहीं आता कि उन्हें मेरा नाम लेने का क्या अधिकार है? जब वह विलय की बातचीत में कहीं भी शामिल नहीं थे, तो उन्हें इस पर टिप्पणी करने का कोई अधिकार नहीं है।”

उन्होंने दोहराया कि राकांपा (शप) नेता जयंत पाटिल और राकांपा प्रमुख अजित पवार ही इस विलय वार्ता का नेतृत्व कर रहे थे।

उन्होंने कहा, “जहां तक राजनीतिक बातचीत का सवाल है, हम फिलहाल किसी से चर्चा नहीं कर रहे हैं।”

अजित पवार की मृत्यु के बाद उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने के सवाल पर शरद पवार ने कहा कि उन्हें इस पद पर सेवा करने का अवसर मिलना खुशी और संतोष की बात है।

हालांकि, उन्होंने बारामती में पवार परिवार द्वारा स्थापित शिक्षण संस्थान विद्या प्रतिष्ठान के परिसर में अजित पवार के स्मारक की योजना को लेकर किसी भी जानकारी से इनकार किया।

उन्होंने कहा, “मैंने इसके बारे में अखबारों में पढ़ा है। अभी तक इस पर कोई चर्चा नहीं हुई है। हम बैठकर फैसला करेंगे।”

अजित पवार के करीबी सहयोगी और पवार परिवार के करीबी किरण गुर्जर ने रविवार को कहा था कि स्मारक विद्या प्रतिष्ठान परिसर में बनाने की योजना है, जहां राकांपा नेता का अंतिम संस्कार किया गया था।

भाषा खारी शोभना

शोभना