Breaking News

कांग्रेस 26 नवंबर को निकालेगी 'संविधान बचाओ' मार्च     |   उत्तर प्रदेश शासन ने देर रात 55 PCS अधिकारियों के तबादले किए     |   हूतियों ने रियाद में किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को बनाया निशाना     |   आज से फिलीपींस की राजधानी मनीला के दौरे पर रहेंगे PM मोदी     |   काला सागर में तीन शिप पर ड्रोन अटैक में क्षतिग्रस्त: रोमानिया     |  

बंगाल की खाड़ी में उठेगा गंभीर चक्रवाती तूफान, 17 नवंबर तक तेज होने की आशंका; तमिलनाडु में बारिश का अलर्ट

दक्षिण-पूर्व और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन तेजी से आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने रविवार को चेतावनी दी कि यह 17 नवंबर तक गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। इसके चलते तमिलनाडु के उत्तरी तटीय जिलों, पुडुचेरी और कराईकल में बारिश होने की संभावना है। वहीं, नागपट्टिनम बंदरगाह पर चक्रवात चेतावनी नंबर-एक जारी कर दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए डिप्रेशन में बदल गया। रविवार सुबह 5:30 बजे यह दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर केंद्रित था। इसके आगे भी उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने की संभावना है।

16 नवंबर को चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 16 नवंबर को यह सिस्टम दक्षिण और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के मध्य भागों में चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इसके बाद 17 नवंबर तक इसके गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की आशंका है।

तमिलनाडु के कई जिलों में बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने तमिलनाडु के उत्तरी तटीय जिलों के साथ पुडुचेरी और कराईकल में बारिश का अनुमान जताया है। सोमवार से पश्चिमी घाट और राज्य के दक्षिणी जिलों में भी कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश हो सकती है।

चेन्नई समेत कई जिलों में हुई बारिश

मौसम विभाग के बुलेटिन के अनुसार, रविवार सुबह 8:30 बजे समाप्त हुए पिछले 24 घंटों के दौरान तमिलनाडु के कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। इनमें चेंगलपट्टू, चेन्नई, कांचीपुरम और कन्याकुमारी समेत कई जिले शामिल हैं। चक्रवाती तूफान की आशंका को देखते हुए तटीय इलाकों में मौसम पर नजर रखी जा रही है।