Breaking News

आंखों में डाला मिर्च पाउडर, लाठी-डंडों से की पिटाई... दिल्ली में पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला     |   IMD ने जारी किया दिल्ली में बारिश का ऑरेंज अलर्ट     |   जापान में 5.9 तीव्रता का भूकंप, 23 घायल     |   सुबह-सुबह दिल्ली-NCR में जोरदार बारिश, जम्मू-कश्मीर में भी बरसे बादल     |   मुंबई में गणेश प्रतिमा गिरने से 2 की मौत, 5 घायल     |  

मोबाइल फोन की जिद ने ली तीन जिंदगियां, बेटे को रोकने की कोशिश में माता-पिता की भी मौत

Maharashtra: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में मोबाइल फोन दिलाने की जिद को लेकर पैदा हुए घरेलू विवाद के बाद एक ही परिवार के तीन सदस्यों की दुर्घटनावश पहाड़ी से गिरकर मौत हो गई। पुलिस ने ये जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि घटना दोपहर में वालुज एमआईडीसी थाना क्षेत्र के तिसगांव इलाके में हुई। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान शहर के झाल्टा फाटा इलाके के निवासी मुरलीधर चांदगुड़े (48), उनकी पत्नी संगीता और उनके 19 साल के बेटे कुणाल के रूप में हुई है।

अधिकारियों के अनुसार, घटनाक्रम की शुरुआत सुबह करीब 10 बजे उस समय हुई, जब कुणाल नया मोबाइल फोन लेने की अपनी मांग को लेकर माता-पिता से हुए विवाद के बाद नाराज होकर पहाड़ी पर चढ़ गया। उन्होंने बताया कि बेटे की सुरक्षा को लेकर चिंतित मुरलीधर और संगीता उसे समझाने और घर वापस लाने के लिए पहाड़ी की चोटी तक उसके पीछे गए।

अधिकारियों ने बताया कि विवाद का पता चलने के बाद स्थानीय ग्रामीण, पुलिसकर्मी और अग्निशमन के अधिकारी बचाव अभियान में मदद के लिए मौके पर जमा हो गए। अग्निशमन सेवा के कर्मचारियों ने पहाड़ी के नीचे एक सुरक्षा जाल बिछाने की कोशिश की, लेकिन कुणाल चट्टान के किनारे अपनी जगह बदलता रहा, जिससे सुरक्षाकर्मियों की कोशिशें नाकाम हो गईं।

उन्होंने बताया कि दोपहर करीब एक बजे जब मुरलीधर अपने बेटे को समझाने के लिए उसके करीब पहुंचे, तब कुणाल पहाड़ी से कूद गया। अधिकारी ने बताया कि मुरलीधर ने उसे बचाने की कोशिश की, जिससे दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे पहाड़ी की चोटी से नीचे गिर गए।

उन्होंने बताया कि अपने पति और बेटे को मौत के करीब जाते देख संगीता ने भी कुछ ही पल बाद पहाड़ी से छलांग लगा दी। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने तीनों शव बरामद कर लिए और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।