Breaking News

रूस में गैस प्लांट में भीषण आग, 6 चीनी नागरिकों समेत 7 की मौत... 9 अब भी लापता     |   अमेरिका जाने वालों को बड़ा झटका, वीजा अपॉइंटमेंट पर रोक     |   दिल्ली: रेस क्लब को नहीं मिली राहत, कोर्ट ने याचिका ठुकराई, 15 दिन में करना होगा खाली     |   कर्नाटक में सियासी हलचल तेज, नागेंद्र ने CM को दिया इस्तीफे का ऑफर     |   20 बागी TMC सांसदों को लोकसभा सचिवालय का नोटिस, 7 दिन में मांगा जवाब     |  

देहरादून पहुंचा शहीद दीपक सिंह का पार्थिव शरीर, CM धामी ने दी श्रद्धांजलि

स्वतंत्रता दिवस से पहले डोडा जिले के अस्सर में बुधवार को हुई भीषण मुठभेड़ में सेना की 48 राष्ट्रीय राइफल के कैप्टन दीपक सिंह वीरगति को प्राप्त हो गए। वह देहरादून के रहने वाले थे। उन्होंने गोली लगने के बावजूद मोर्चा नहीं छोड़ा और सुबह तक फायरिंग कर अपने जवानों को आतंकियों को मार गिराने के लिए प्रेरित करते रहे। 

जम्मू कश्मीर के डोडा में बलिदान हुए दून के कैप्टन दीपक सिंह को गुरुवार को देहरादून में नम आंखों से विदाई दी गई। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर राज्यपाल ले जनरल गुरमीत सिंह व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बलिदानी को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। 

इसके बाद बलिदानी का पार्थिव शरीर कुआंवाला स्थित उनके आवास पर लाया गया। जहां उनके अंतिम दर्शनों के लिए लोगों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा। स्वजन ताबूत से लिपटकर बिलख पड़े। स्वजन की चीत्कार और विलाप देख वहां मौजूद हर किसी की आंख नम हो गई।

इस दौरान लोगों में गम और गुस्सा दोनों दिखा। लोगों ने भारत माता की जयघोष की, तो वहीं पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पुलिस–प्रशासन के अधिकारियों सहित कई लोगों ने बलिदानी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद बलिदानी का पार्थिव शरीर हरिद्वार ले जाया गया। जहां सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।