Breaking News

दिल्ली में मॉनसून की दस्तक, IMD ने दी जानकारी     |   मुंबई मानसून अपडेट: ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर थमी रफ्तार, कुर्ला-सायन जाम     |   पूर्वोत्तर में बाढ़ से भारी तबाही, मल्लिकार्जुन खड़गे ने जताया दुख     |   केतन मर्डर केस: पुलिस ने आरोपी सिया के लाई डिटेक्टर टेस्ट की कोर्ट से मांगी मंजूरी     |   दिल्ली: तृणमूल कांग्रेस के 10 विधायक आज EC से मिलेंगे, ऋतब्रत बनर्जी करेंगे नेतृत्व     |  

मसूरी में बारिश का कहर, भरभराकर गिरा पहाड़ का हिस्सा, लंबा जाम

Mussoorie: पहाड़ों की रानी मसूरी में लगातार हो रही बारिश अब लोगों के लिए मुसीबत का कारण बनती जा रही है। हाथीपांव रोड स्थित माइंस क्षेत्र के पास अचानक पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा भरभराकर मुख्य सड़क पर आ गिरा। देखते ही देखते सड़क पर भारी मात्रा में चट्टानें और मलबा फैल गया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

हादसे के दौरान एक वाहन मलबे की चपेट में आ गया। हालांकि चालक की सतर्कता और किस्मत से कोई जनहानि नहीं हुई तथा वह सुरक्षित बच निकला। घटना के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिछले कई दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण पहाड़ी कमजोर हो गई थी। इसी बीच अचानक तेज गर्जना जैसी आवाज के साथ पहाड़ का हिस्सा टूटकर सड़क पर आ गिरा। घटना के समय सड़क से गुजर रहे वाहन चालकों में दहशत फैल गई और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, मसूरी पुलिस और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने तत्काल सुरक्षा घेरा बनाकर लोगों को मलबे से दूर रहने की सलाह दी और एहतियातन यातायात रोक दिया। इसके बाद जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से सड़क से मलबा हटाने का अभियान शुरू किया गया।

कई घंटों की मशक्कत के बाद सड़क को साफ कर यातायात बहाल कर दिया गया। प्रशासन ने स्थानीय निवासियों और पर्यटकों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने तथा पहाड़ी मार्गों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है।