Breaking News

रूस में गैस प्लांट में भीषण आग, 6 चीनी नागरिकों समेत 7 की मौत... 9 अब भी लापता     |   अमेरिका जाने वालों को बड़ा झटका, वीजा अपॉइंटमेंट पर रोक     |   दिल्ली: रेस क्लब को नहीं मिली राहत, कोर्ट ने याचिका ठुकराई, 15 दिन में करना होगा खाली     |   कर्नाटक में सियासी हलचल तेज, नागेंद्र ने CM को दिया इस्तीफे का ऑफर     |   20 बागी TMC सांसदों को लोकसभा सचिवालय का नोटिस, 7 दिन में मांगा जवाब     |  

योगी सरकार का मेडिकल इंटर्न्स को बड़ा तोहफा, अब हर महीने मिलेगा 25 हजार रुपये भत्ता

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने मेडिकल इंटर्न्स को बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में एमबीबीएस और बीडीएस इंटर्न के इंटर्नशिप भत्ते में बढ़ोतरी को मंजूरी दी गई है। अब प्रदेश में एमबीबीएस और बीडीएस इंटर्न को हर महीने 25 हजार रुपये भत्ता मिलेगा। इससे पहले उन्हें 12 हजार रुपये प्रतिमाह दिए जाते थे। सरकार के इस फैसले से मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में प्रशिक्षण ले रहे हजारों मेडिकल इंटर्न को फायदा होगा। मेडिकल इंटर्न ओपीडी, वार्ड, इमरजेंसी और रात्रि ड्यूटी समेत अस्पताल की विभिन्न सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उत्तर प्रदेश में मेडिकल इंटर्न के भत्ते में इससे पहले वर्ष 2021 में बढ़ोतरी की गई थी। उस समय इंटर्नशिप भत्ता 7,500 रुपये से बढ़ाकर 12 हजार रुपये प्रतिमाह किया गया था। अब सरकार ने इसे बढ़ाकर 25 हजार रुपये प्रतिमाह करने का फैसला लिया है। यानी इंटर्न को पहले की तुलना में हर महीने 13 हजार रुपये अधिक मिलेंगे।

योगी कैबिनेट ने इसके अलावा गंगा एक्सप्रेसवे के विस्तार को भी मंजूरी दी है। अब गंगा एक्सप्रेसवे को हरिद्वार तक विस्तारित किया जाएगा। इस परियोजना पर करीब 10,761 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है। इस विस्तार से बिजनौर से हरिद्वार के बीच कनेक्टिविटी आसान होगी। साथ ही प्रयागराज से हरिद्वार तक तेज और नियंत्रित एक्सप्रेसवे कनेक्शन तैयार होने से प्रदेश के पश्चिमी हिस्से की कनेक्टिविटी को भी मजबूती मिलेगी।

कैबिनेट बैठक में जेपीएनआईसी (जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर) को लेकर भी बड़ा फैसला लिया गया। केंद्र के बचे हुए कार्यों को पूरा कर अगले दो वर्षों में इसका संचालन शुरू करने की योजना है। इसके लिए निजी कंपनी या कंसोर्टियम को 35 वर्ष की लीज पर सेंटर देने का फैसला किया गया है।

ओपन बिड के जरिए वृंदावन बॉटलर्स एंड रॉकवुड होटल्स के कंसोर्टियम का चयन किया गया है। निजी कंपनी द्वारा अवशेष कार्य पूरे कराने के बाद जेपीएनआईसी का संचालन शुरू किया जाएगा। योगी सरकार के इन फैसलों को स्वास्थ्य क्षेत्र में काम कर रहे युवाओं को प्रोत्साहन देने के साथ-साथ प्रदेश में बेहतर कनेक्टिविटी और प्रमुख परियोजनाओं के संचालन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।