Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा, जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता से मारपीट का है आरोप     |   खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित, 9 फ्लाइट डायवर्ट     |   बिहार: 4-5 दिनों में बढ़ेगा गंगा का जलस्तर, बक्सर समेत 7 जिलों में बाढ़ का खतरा     |   एअर इंडिया ने नशे में फ्लाइट उड़ाने वाले पायलट को नौकरी से निकाला, पॉजिटिव थी जांच     |   महाराष्ट्र: रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, रघुवीर घाट बंद; 15-20 गांवों का संपर्क टूटा     |  

प्रयागराज में बढ़ा गंगा-यमुना का जलस्तर, कई घाट डूबे, प्रशासन अलर्ट

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में लगातार बारिश के बाद गंगा और यमुना नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। कई घाट पानी में डूब गए हैं। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। हालांकि, अभी दोनों नदियों का पानी खतरे के निशान से नीचे है। एसडीएम अंकित वर्मा ने बताया कि इलाके में 29 बाढ़ राहत शिविर तैयार किए गए हैं। निचले इलाकों के पास बने राहत शिविरों में लोगों के लिए जरूरी सामान और दूसरी सुविधाओं का इंतजाम किया गया है। प्रशासन लगातार नदी के जलस्तर पर नजर रख रहा है।

लगातार बारिश और गंगा का जलस्तर बढ़ने के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी के जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार से फोन पर बात की। पीएम मोदी ने शहर में बाढ़ की स्थिति, नदी के जलस्तर और राहत शिविरों में की गई तैयारियों की जानकारी ली। प्रधानमंत्री ने अधिकारियों को पूरी तेजी से काम करने और बाढ़ से प्रभावित लोगों तक जरूरी मदद तुरंत पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने जरूरत के अनुसार अतिरिक्त राहत सामग्री उपलब्ध कराने और राहत कार्यों में तेजी लाने को भी कहा।

केंद्रीय जल आयोग के अनुसार, वाराणसी में गंगा का चेतावनी स्तर 70.26 मीटर है, जबकि नदी का पानी 70.28 मीटर पर बह रहा है। वहीं, खतरे का निशान 71.26 मीटर है। गंगा का जलस्तर करीब 2 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है। ऐसे में प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।सावधानी के तौर पर गंगा की ओर जाने वाले रास्तों पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। अस्सी घाट से केशव घाट के बीच नाव चलाने पर रोक लगा दी गई है। नदी में लोगों की आवाजाही पर भी नजर रखी जा रही है।

मौसम विभाग ने 3 से 8 सितंबर के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश का अनुमान जताया है। 3 से 5 सितंबर और 8 सितंबर को कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है, जबकि 6 और 7 सितंबर को कई जगहों पर बारिश बढ़ने की संभावना है। इस दौरान कुछ इलाकों में तेज बारिश भी हो सकती है। बारिश और गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए वाराणसी और आसपास के इलाकों में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है।