Breaking News

India vs Japan: श्रेयस अय्यर ने जीता टॉस, भारत की पहले बल्लेबाजी     |   पहाड़गंज: स्पा में चल रहे सेक्स रैकेट का भंड़ाफोड़, चार गिरफ्तार     |   जमुई बदसलूकी मामला: फरार नंदन यादव एनकाउंटर के बाद पकड़ा गया     |   पंजाब पुलिस ने 'बिना यूनिफॉर्म' वाली वायरल एडवाइज़री को गलत बताया।     |   दिल्ली: एक लाख की फेक करंसी बरामद, बिहार के 2 लोग गिरफ्तार     |  

यूपीआईटीएस 2026 में दिखेगी यूपी के फूड और फार्मा सेक्टर की ताकत, 32 कंपनियां लेंगी हिस्सा

उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में प्रदेश के फूड, ड्रग्स, आयुष और मेडिकल सप्लाइज सेक्टर की क्षमता देश-दुनिया के सामने प्रदर्शित की जाएगी। 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में होने वाले ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (UPFSDA) की ओर से विशेष प्रदर्शनी व्यवस्था की गई है।

ट्रेड शो के ग्राउंड फ्लोर स्थित हॉल-11 में फूड और ड्रग सेक्टर के लिए विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे। वहीं, हॉल-8 के सेकेंड फ्लोर पर मेडिकल सप्लाइज के लिए अलग पवेलियन बनाया गया है। इससे स्वास्थ्य और अस्पताल क्षेत्र से जुड़े खरीदारों और प्रतिभागियों को एक ही जगह पर विभिन्न उत्पादों की जानकारी मिल सकेगी।

32 कंपनियों और संस्थाओं की भागीदारी

ट्रेड शो में खाद्य, न्यूट्रास्यूटिकल्स, हर्बल, फार्मा, बायोटेक, कॉस्मेटिक्स और अन्य संबंधित क्षेत्रों की 32 कंपनियों और संस्थाओं ने पंजीकरण कराया है। इन प्रतिभागियों के लिए कुल 471 वर्गमीटर क्षेत्र आवंटित किया गया है। इसमें बीकानेरवाला फूड्स, हल्दीराम स्नैक्स फूड, भारत सीरम्स एंड वैक्सीन्स, पॉजिट्रॉन बायोजेनिक्स, अनोंदिता मेडिकेयर, एवरेस्ट बेवरेजेज एंड फूड इंडस्ट्रीज, कृष्णा साल्ट इंडस्ट्रीज और डाबर समेत कई कंपनियां शामिल हैं।

फूड से फार्मा तक एक मंच पर आएगा यूपी का उद्योग

UPITS-2026 में UPFSDA से जुड़े सेक्टर की भागीदारी का उद्देश्य प्रदेश के फूड प्रोसेसिंग, फूड प्रोडक्ट्स, फार्मास्युटिकल्स, मेडिकल सप्लाइज, हर्बल और आयुष क्षेत्र को एक साझा वैश्विक मंच उपलब्ध कराना है। ट्रेड शो के जरिए प्रदेश के उद्यमियों को देश और विदेश के खरीदारों, निवेशकों और संभावित कारोबारी साझेदारों से सीधे संवाद का अवसर मिलेगा। इससे कंपनियों को अपने उत्पादों को नए बाजारों तक पहुंचाने और कारोबारी साझेदारी के अवसर तलाशने में मदद मिल सकती है।

मेडिकल सप्लाइज के लिए अलग पवेलियन

UPITS में मेडिकल सप्लाइज सेक्टर के लिए हॉल-8 में अलग पवेलियन तैयार किया गया है। यहां स्वास्थ्य और अस्पताल क्षेत्र से जुड़े उत्पादों और सेवाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। वहीं, हॉल-11 में फूड और ड्रग सेक्टर के प्रतिभागी अपने उत्पादों और क्षमताओं को खरीदारों के सामने रखेंगे। इस तरह फूड से लेकर फार्मा और मेडिकल सप्लाइज तक उत्तर प्रदेश के कई प्रमुख सेक्टर एक ही मंच पर नजर आएंगे।