मेरठ में भारत बंद को लेकर सपा, आजाद समाज पार्टी कार्यकर्ता सड़कों पर है। काफी संख्या में दोनों पार्टी के कार्यकर्ता कलेक्लेट्रेट में डीएम को ज्ञापन देने पहुंचे हैं। वहीं 2018 में हुई दलित हिंसा को देखते हुए जिले में चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात है। डीएम, एसएसपी लगातार सड़क पर फोर्स के साथ मार्च कर रहे हैं। कलेक्ट्रेट उसके आसपास विशेष तौर पर भारी फोर्स लगी है। वहीं शोभापुर चौकी जिसे 2018 की हिंसा में बवालियों ने फूंक दिया था वहां 4 कंपनी आरएएफ भी लगाई गई है। शहर में सिविल पुलिस और आरएएफ, पीएसी लगाई है।
मेरठ जोन के एडीजी ध्रुवकांत ठाकुर से बातचीत में बताया कि आज भारत बंद को लेकर जोन के सभी 7 जिलों में भारी पुलिसबल लगाया गया है। ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे। पुलिस, प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। सोशल मीडिया पर भी निगरानी की जा रही है। वहीं बसपा, आजाद समाज पार्टी सहित अन्य दल जो इस बंद में समर्थन दे रहे हैं उनके पदाधिकारियों से बातचीत की गई है सभी ने शांतिपूर्वक आकर जिलों में डीएम को अपना ज्ञापन देने की बात कही है। एडीजी ने कहा जोन में कहीं भी किसी ने शांति व्यवस्था भंग की तो त्वरित एक्शन होगा।
शोभापुर सहित अन्य गांवों से जुलूस आने की संभावना बसपा जिलाध्यक्ष सहित अन्य दलों ने जुलूस लेकर डीएम कार्यालय पर आने का आव्हान किया है। दलित बाहुल्य गांवों, बस्तियों पर विशेष फोर्स लगी है। ताकि वहां से आने वाले जुलूसों में किसी प्रकार की हिंसा न हो जाए। कालियागढ़ी, मलियाना, एल ब्लॉक, अंबेडकर नगर, हापुड़ अड्डा, कांशीराम, लोहियानगर सहित अन्य बस्तियों और गांवो मे फोर्स को अलर्ट किया गया है।
वहीं भारत बंद के आह्वान के बाद पुलिस और एलआईयू अलर्ट है। कलेक्ट्रेट पर फोर्स तैनात रहेगी। संवेदनशील इलाकों में पुलिस पेट्रोलिंग करेगी। सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है। अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।