Breaking News

अंकिता भंडारी हत्याकांड: मुख्य आरोपी पुलकित के पिता और वकील के खिलाफ जीरो FIR     |   ‘धारा 301’ जांच और 25 प्रतिशत शुल्क को लेकर भारत का अमेरिका को सीधा जवाब     |   दिल्ली के यमुना खादर में मुठभेड़, आरोपी अमन गुर्जर के पैर में गोली     |   उत्तराखंड चुनाव 2027 से पहले प्रशासन में बड़ा फेरबदल, 13 IAS और 17 IPS अफसरों का किया ट्रांसफर     |   26/11 हमले के 18 साल हुए पूरे, चश्मदीद ने बताया-आज भी नहीं सो पाता ठीक से     |  

योगी सरकार में युवाओं को सरकारी नौकरी का मौका, कनिष्ठ विश्लेषक के 414 पदों पर चयन

उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग में कनिष्ठ विश्लेषक के 414 पदों का अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया है।

आयोग ने चयनित अभ्यर्थियों के अनुक्रमांक और श्रेणीवार कटऑफ अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी है। इस भर्ती के लिए कुल 417 पदों पर आवेदन मांगे गए थे। लिखित मुख्य परीक्षा 16 फरवरी 2025 को हुई थी। इसके बाद अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच की गई और अंतिम परिणाम जारी किया गया।

किस वर्ग के कितने अभ्यर्थियों का चयन?

कुल 414 चयनित उम्मीदवारों में 168 सामान्य वर्ग, 87 अनुसूचित जाति, 4 अनुसूचित जनजाति, 114 अन्य पिछड़ा वर्ग और 41 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के अभ्यर्थी शामिल हैं।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के आश्रितों के लिए निर्धारित 8 पदों में से 4 पर चयन हुआ है। वहीं, सैन्य वियोजित और पूर्व सैनिक श्रेणी के 20 पदों के मुकाबले 4 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।

अनुसूचित जनजाति के 7 पदों में से 4 पर चयन हुआ है। बाकी 3 पद विभाग को भेजे जाएंगे। उत्कृष्ट खिलाड़ियों की श्रेणी में योग्य अभ्यर्थी नहीं मिलने के कारण इन पदों पर अन्य उम्मीदवारों का चयन किया गया है।

18 अभ्यर्थियों का चयन औपबंधिक

आयोग के अनुसार, 18 उम्मीदवारों का चयन औपबंधिक यानी कुछ शर्तों के अधीन किया गया है। इनका अंतिम चयन आयोग या संबंधित विभाग के फैसले पर निर्भर करेगा। परिणाम पर भर्ती से जुड़े न्यायालयों में चल रहे मामलों के आदेशों का भी असर पड़ सकता है।

खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच में मिलेगी मदद

कनिष्ठ विश्लेषक (खाद्य) के पद खाद्य सुरक्षा व्यवस्था के लिए अहम हैं। इनकी नियुक्ति से खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच और गुणवत्ता की निगरानी में मदद मिलेगी। इससे प्रदेश में मिलावट के खिलाफ अभियान को मजबूती मिलेगी और लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के प्रयासों को गति मिलेगी।