Breaking News

CM विजय का बड़ा ऐलान, चेन्नई में 20 लाख वर्गफुट में बनेगा नया सचिवालय     |   राम मंदिर ट्रस्ट के नवनियुक्त CEO एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र (रिटायर्ड) अयोध्या पहुंचे     |   'ईरान के साथ कारोबार करने वाले देशों पर लगाएंगे प्रतिबंध', अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो बोले     |   एक्टर दुनिया विजय के बेटे के खिलाफ केस दर्ज, क्लासमेट से दुर्व्यवहार करने पर एक्शन     |   'ईरान पर फिर से अटैक करने को तैयार अमेरिका', ट्रंप का बड़ा ऐलान     |  

नोएडा: यूपी का पहला अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला आज से, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया उद्घाटन

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में ग्रेटर नोएडा में उत्तर प्रदेश अंतरराष्ट्रीय व्यापार प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। ट्रेड शो का उद्घाटन करते हुए राष्ट्रपति मुर्मू ने उम्मीद जताई कि इससे राज्य के उत्पादों को वैश्विक बाजारों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, "ये खुशी की बात है कि विभिन्न देशों के दूतावासों के प्रतिनिधि इस ट्रेड शो में मौजूद हैं। इससे यहां के उत्पादों को वैश्विक बाजारों तक पहुंचने में मदद मिलेगी।" कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ये अंतरराष्ट्रीय ट्रेड शो नए भारत के नए उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करता है।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा, "ये नए भारत का नया उत्तर प्रदेश है, जिसने अपनी क्षमता को पहचाना है। उत्तर प्रदेश भारत में सबसे बड़े उपभोक्ता बाजार के रूप में उभरा है। उत्तर प्रदेश सबसे बड़े श्रम बाजार के रूप में भी उभरा है। ये इंटरनेशनल ट्रेड शो पीएम मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में पिछले छह सालों में राज्य की प्रगति का प्रतिनिधित्व करता है।'' मुख्यमंत्री योगी ने ये भी कहा कि ट्रेड शो को 70,000 से ज्यादा बिजनेस टू बिजनेस रजिस्ट्रेशन मिले हैं और लगभग 70 देश इसमें हिस्सा ले रहे हैं।

पांच दिनों तक चलने वाले इस ट्रेड शो के लिए लगभग 1,300 पुलिस कर्मियों को यातायात संबंधी ड्यूटी पर तैनात किया गया है। उत्तर प्रदेश सरकार के कई विभाग अपने स्टालों के माध्यम से राज्य की संभावनाओं और विकास के रोडमैप का प्रदर्शन कर रहे हैं। ट्रेड शो के दौरान मुंबई डब्बावाला सहित राज्य सरकार के विभन्न विभाग और संस्थान कई व्यावसायिक गतिविधियों पर वेबिनार भी आयोजित करेंगे।