Breaking News

9/11 हमले के 25 साल, मृतकों को श्रद्धांजलि, पीड़ित परिवारों के साथ खड़े: PM मोदी     |   ‘आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत सबसे आगे’, 9/11 हमले की बरसी पर बोले PM मोदी     |   महेश बाबू, राजामौली, VVS लक्ष्मण, साइना नेहवाल को SIR प्रक्रिया के तहत नोटिस जारी     |   UP के सीएम योगी आदित्यनाथ ने गड्ढा-मुक्त सड़कों को लेकर लखनऊ में बैठक की     |   BRICS Summit के लिए दिल्ली पहुंचे पुतिन, पालम एअरपोर्ट पर उतरा राष्ट्रपति का विमान     |  

केरल के पत्रकारों ने समझा यूपी का कानून-व्यवस्था मॉडल, मीडिया संवाद में साझा हुए अनुभव

पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), लखनऊ और उत्तर प्रदेश सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को केरल के मीडिया प्रतिनिधियों के साथ ‘मीडिया संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में दोनों राज्यों के पत्रकारों ने मीडिया की कार्यप्रणाली, संस्कृति, विकास और शासन व्यवस्था से जुड़े अनुभव साझा किए। इस दौरान ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करने और दोनों राज्यों के बीच आपसी समझ एवं सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम का आयोजन निदेशक सूचना विशाल सिंह और पीआईबी लखनऊ के निदेशक दिलीप कुमार शुक्ल के दिशा-निर्देशन में किया गया। इसका उद्देश्य केरल और उत्तर प्रदेश के मीडिया प्रतिनिधियों को एक-दूसरे के कामकाज, सामाजिक सरोकारों और विकास यात्रा को समझने के लिए साझा मंच उपलब्ध कराना था।

पीआईबी लखनऊ के नेतृत्व में केरल के प्रमुख इलेक्ट्रॉनिक और प्रिंट मीडिया संस्थानों के पत्रकारों का प्रतिनिधिमंडल इन दिनों लखनऊ के दौरे पर है। ‘मीडिया संवाद’ के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश की संस्कृति, विकास और शासन व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली। केरल के पत्रकारों ने खास तौर पर उत्तर प्रदेश के कानून-व्यवस्था मॉडल को समझने में रुचि दिखाई। उन्हें प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए किए गए प्रयासों और प्रशासनिक स्तर पर उठाए गए कदमों के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान सरकार और जनता के बीच संवाद तथा फीडबैक मैकेनिज्म को लेकर भी चर्चा हुई।

संवाद के दौरान उत्तर प्रदेश के पत्रकारों ने केरल की शिक्षा व्यवस्था और शिक्षा के क्षेत्र में उसके बेहतर प्रदर्शन के कारणों को समझने में विशेष रुचि दिखाई। दोनों राज्यों के पत्रकारों ने अपने-अपने क्षेत्रों में मीडिया के काम करने के तरीके, स्थानीय मुद्दों और जनसरोकार से जुड़े विषयों को समाचारों में दी जाने वाली प्राथमिकता पर भी अनुभव साझा किए।

कार्यक्रम में बॉलीवुड और दक्षिण भारतीय फिल्म उद्योग के बीच बढ़ते संबंधों पर भी चर्चा हुई। दोनों राज्यों के पत्रकारों ने फिल्म इंडस्ट्री और सिनेमा के जरिए सांस्कृतिक आदान-प्रदान की संभावनाओं पर अपने विचार साझा किए। इस दौरान दोनों क्षेत्रों की फिल्म इंडस्ट्री के बीच बढ़ते जुड़ाव को लेकर भी चर्चा हुई। कार्यक्रम में पीआईबी केरल की निदेशक सुश्री वी. पार्वती और उत्तर प्रदेश सूचना विभाग के अपर निदेशक सूचना अरविंद कुमार मिश्रा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

इस अवसर पर एनडीटीवी, इंडिया टीवी, टाइम्स नाउ, मलयाला मनोरमा, केरल कौमुदी, मंगलम, मातृभूमि, द इंडियन एक्सप्रेस और द न्यू इंडियन एक्सप्रेस समेत केरल और उत्तर प्रदेश के विभिन्न प्रमुख मीडिया संस्थानों के वरिष्ठ पत्रकारों ने हिस्सा लिया। ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ पहल का उद्देश्य देश के अलग-अलग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान, आपसी समझ और राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देना है। इसी भावना के तहत केरल के मीडिया प्रतिनिधिमंडल का लखनऊ दौरा दोनों राज्यों के पत्रकारों के बीच संवाद और अनुभव साझा करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।