Breaking News

NEET पेपर लीक: CBI को मिली मनीषा की 14 दिनों की हिरासत     |   वीडी सतीशन कल केरल के मुख्यमंत्री के तौर पर लेंगे शपथ     |   आसनसोल के जहांगीर मोहल्ला पुलिस चौकी पर हमले के सिलसिले में 21 आरोपी गिरफ्तार     |   अबू धाबी से बड़ी खबर: न्यूक्लियर पावर प्लांट पर ड्रोन से हुआ हमला     |   योगी सरकार की कैबिनेट बैठक कल, हो सकते हैं कई बड़े फैसले     |  

शाहजहांपुर में भीषण सड़क हादसा, ट्रक और ऑटो की टक्कर में 3 की मौत, चार गंभीर घायल

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा कांट कस्बे के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रहे ऑटो-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। पुलिस के अनुसार, ट्रक जलालाबाद की ओर से आ रहा था और विपरीत दिशा से आ रहे ऑटो से उसकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायल चार लोगों को ऑटो से निकालकर तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शाहजहांपुर के इस दुखद सड़क हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रशासन को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने तथा घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। गौरतलब है कि 8 मई को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में भी तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन बच्चे शामिल थे।