मेरठ सहित अन्य जिलों में हो रहे गन्ना समिति डेलिगेशन के चुनाव में अब भाजपा के राज्यमंत्री और हस्तिनापुर विधायक दिनेश खटीक पर आरोप लग रहे हैं। पूर्व मंत्री जगबीर गुर्जर ने दिनेश खटीक पर किसानों के पर्चे कैंसिल कराने का आरोप लगाया है। साथ ही पूर्व मंत्री ने बड़ा बयान दिया। जगबीर गुर्जर ने कहा अगर भाजपा अपनी छवि साफ करना चाहती है तो ऐसे लोगों को पार्टी से निकाले।
जहां जगबीर गुर्जर ने मवाना में प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। इस दौरान मीडिया के सामने कहा कि गन्ने का चुनाव जैसे ही शुरू हुआ वैसे ही दिनेश खटीक विधायक, राज्यमंत्री ने सभी के साथ अन्याय करना शुरू कर दिया। लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। जो लोग चुनाव लड़ना चाहते हैं उनको डराया, धमकाया है। 193 पर्चे खारिज करवा दिए। लोगों को घर पर बैठा दिया। डेलीगेट, डायरेक्टर और चेयरमैन तक अपना बनाना चाहता है। अपनी मर्जी का चेयरमैन बनाकर अपनी कमाई का धंधा बनाना चाहते हैं। हापुड़ में भी यही हुआ और पूरे यूपी में ये हुआ है। भाजपा के ये लोग पार्टी की छवि खराब कर रहे हैं।
आगे उन्होंने कहा कि भाजपा को चाहिए कि ऐसे लोगों को पार्टी से हटा दे जो उसकी छवि खराब कर रहे हैं। अगर भाजपा अपनी छवि साफ करना चाहती है तो इन्हें हटा दे। अगर न्याय नहीं मिलेगा तो जिला ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश के हर जिले में प्रदर्शन होगा। हमारी शिवपाल यादव से भी बात हुई है। अब लखनऊ से ही रणनीति बनेगी और आंदोलन होगा और पूरे प्रदेश में किसानों को न्याय दिलाएंगे।
जिसके बाद जगबीर गुर्जर ने स्थानीय भाजपा विधायक पर तमाम आरोप लगाए। कहा कि सब कुछ दिनेश खटीक के इशारे पर हो रहा है। पुलिस-प्रशासन कुछ नहीं, सब सत्ता के साथ चल रहे हैं। मैंने खुद अफसरों से फोन करके कहा कि ऐसा हो रहा है, इससे माहौल बिगड़ जाएगा, आग लग जाएगी लेकिन सुनवाई नहीं हुई। रात को चुपचाप पर्चे कैंसिल कर दिए गए। एसडीएम, तहसीलदार, आरओ से बात के बाद भी ये सब हुआ है।
वहीं सरदार नरवर सिंह खालसा सपा प्रदेश सचिव ने कहा कि हस्तिनापुर के मौजूदा विधायक, मंत्री गन्ना समिति के चुनाव में पर्चे निरस्त कराकर, हस्तक्षेप करके गलत कर रहे हैं। यहां 193 पर्चे निरस्त हुए हैं ये लोकतंत्र की हत्या है। अगर एक्शन नहीं लिया जाएगा तो हम आगे पूरे प्रदेश में आंदोलन करेंगे।