बलिया जिले के कुंवर सिंह चौराहे के पास स्थित एक प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र पर ड्रग विभाग की छापेमारी से हड़कंप मच गया। यह कार्रवाई आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त एक शिकायत के आधार पर की गई। छापेमारी के दौरान ड्रग विभाग की टीम ने केंद्र से विभिन्न नामी कंपनियों की 28 प्रकार की दवाएं बरामद कीं। बरामद दवाओं की अनुमानित कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों पर निर्धारित नियमों के तहत केवल जेनेरिक दवाओं की बिक्री की अनुमति है। जांच के दौरान बाहरी कंपनियों की दवाएं मिलने पर विभाग ने उन्हें नियमों का उल्लंघन माना। ड्रग विभाग ने सभी बरामद दवाओं को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही केंद्र संचालक के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जन औषधि केंद्रों पर निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए आगे भी निरीक्षण और जांच अभियान जारी रहेगा।