Breaking News

प्रयागराज में कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा नदी में डुबकी     |   महाराष्ट्र में अज्ञात व्यक्ति ने दुरंतो एक्सप्रेस के A2 कोच पर पत्थर फेंके     |   दिल्ली में अक्षरधाम मंदिर के आसपास AQI 201 दर्ज     |   काशी में मनाई जाएगी देव दीपावली, गंगा घाट 11 लाख दीयों से जगमगाएंगे     |   कांग्रेस और सपा के बीच सीट शेयरिंग पर होगी दूसरे दौर की वार्ता     |  

'दिल्ली में कांग्रेस ने सपा को दिखाई उसकी हैसियत', ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश पर साधा निशाना

उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर अखिलेश यादव पर हमला बोला है। राजभर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि दिल्ली में कांग्रेस नेताओं के साथ हुई पहली बैठक में ही सपा को उसकी राजनीतिक स्थिति का एहसास करा दिया गया।

उन्होंने दावा किया कि बैठक में कांग्रेस नेताओं ने सपा के प्रतिनिधियों को केवल 20 मिनट बैठाया, चाय पिलाई और सीटों के बंटवारे का पत्र देकर बराबर हिस्सेदारी की बात कही। राजभर के मुताबिक, इस दौरान प्रियंका गांधी ने कोई खास रुचि नहीं दिखाई और केसी वेणुगोपाल की ओर से भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

राजभर ने कहा कि कांग्रेस अब समझ चुकी है कि मौजूदा सपा पहले जैसी मजबूत पार्टी नहीं रही। उन्होंने अमर सिंह, आजम खान और शिवपाल सिंह यादव के दौर की सपा का जिक्र करते हुए कहा कि अब पार्टी के पास केवल 'लाइजनर चाचा' ही रह गए हैं।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सपा के कार्यकर्ता भी यह समझ नहीं पा रहे हैं कि अखिलेश यादव को पिछले 10 साल से उनके 'लाइजनर चाचा' कौन सी पीएचडी करा रहे हैं, जिसे वह अब तक पूरा नहीं कर पाए। राजभर ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति को अच्छी तरह समझने वाले शिवपाल सिंह यादव को नजरअंदाज करने का परिणाम अखिलेश को भुगतना पड़ सकता है।

शिवपाल के खेमे के 45 विधायकों का जिक्र

ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव को सलाह दी कि वह 'लाइजनर चाचा' के सपनों वाली थ्योरी छोड़कर शिवपाल सिंह यादव के साथ जमीनी राजनीति सीखें। उनके अनुसार, शिवपाल के साथ रहने से अखिलेश दिल्ली में बैठे अपने कथित स्वार्थी साथियों की राजनीतिक चालों से बच सकते हैं।

राजभर ने यह भी आशंका जताई कि सपा में आगे कोई बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम हो सकता है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी में शिवपाल सिंह यादव के खेमे के करीब 45 विधायक हैं, जो कभी भी राजनीतिक समीकरण बदल सकते हैं।

इंडी गठबंधन के वोट बैंक पर भी सवाल

राजभर ने इंडी गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि अब उसके पास कोई मजबूत वोट बैंक नहीं बचा है। अखिलेश यादव के एम-वाई समीकरण का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भाईचारे का 'चारा' भी इस बार काम नहीं आएगा और खुदा हाफिज कहने को तैयार है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में बैठे कांग्रेस नेता भी इसी मौके का इंतजार कर रहे हैं।