उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरियों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा। लखनऊ में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से चयनित 1,594 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए मुख्यमंत्री ने विपक्ष से उसके शासनकाल में दी गई नौकरियों का हिसाब मांगा।

सीएम योगी ने कहा कि अखिलेश यादव 30 लाख नियुक्ति पत्र देने की बात करते हैं, लेकिन उन्हें यह भी बताना चाहिए कि समाजवादी पार्टी की चार सरकारों में कितने युवाओं को नौकरी मिली। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उनकी सरकार अब तक करीब पौने दस लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दे चुकी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सैफई सिंडिकेट नियुक्ति पत्रों की गिनती नहीं कर पाएगा, क्योंकि उसे केवल नोट गिनने की आदत है।
1,594 युवाओं को मिला नियुक्ति पत्र

कार्यक्रम में आंतरिक लेखा एवं लेखा परीक्षा निदेशालय के लिए चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए। इनमें 201 लेखा परीक्षक और 1,393 सहायक लेखाकार शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भर्ती प्रक्रिया अब पारदर्शिता और निष्पक्षता के आधार पर आगे बढ़ रही है। चयनित युवाओं को बिना किसी सिफारिश या पैसे के नौकरी मिली है। उनके मुताबिक, नियुक्ति पत्र केवल सरकारी नौकरी का दस्तावेज नहीं, बल्कि युवाओं की मेहनत और वर्षों के संघर्ष का सम्मान है।
उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में किसी अभ्यर्थी से पैसे की मांग नहीं की गई और न ही किसी को धमकाकर चयन प्रभावित करने की कोशिश हुई। यह नए उत्तर प्रदेश की पहचान है।
अगले सप्ताह 50 हजार से ज्यादा युवाओं को नौकरी

सीएम योगी ने बताया कि नियुक्ति पत्र वितरण का अभियान अभी शुरू हुआ है। अगले सप्ताह 50 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र देने की तैयारी है। इनमें करीब 8 हजार लेखपाल और 42 हजार होमगार्ड शामिल होंगे। इसके अलावा शिक्षा सेवा चयन आयोग के माध्यम से चयनित लगभग 2 हजार अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के कुल सात कार्यकालों में जितनी नियुक्तियां हुईं, उससे दोगुने से अधिक नियुक्तियां उनकी सरकार कर चुकी है। पिछले साढ़े नौ वर्षों में लगभग 9.75 लाख युवाओं को सरकारी रोजगार देने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि इससे युवाओं के आत्मविश्वास और भविष्य के प्रति भरोसे में बढ़ोतरी हुई है।
2017 से पहले भर्ती के नाम पर होती थी वसूली: योगी

मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी सरकार के समय भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले नौकरी का विज्ञापन जारी होते ही चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए निकल पड़ती थी।
सीएम ने आरोप लगाया कि उस समय मेहनत करने वाले योग्य अभ्यर्थियों को उनका अधिकार नहीं मिलता था। परीक्षा कोई देता था और नियुक्ति किसी दूसरे व्यक्ति को मिल जाती थी।
उन्होंने 2015-16 की PCS भर्ती का उदाहरण देते हुए कहा कि उस समय थर्ड डिवीजन से पढ़ाई करने वाला अभ्यर्थी टॉपर बना और SDM के पद पर चयनित हुआ। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि अभ्यर्थी ने अपनी मेहनत से टॉप नहीं किया, बल्कि उसे टॉप करवाया गया था। उन्होंने भर्ती में फर्जीवाड़े की तुलना फिल्म 'मुन्ना भाई एमबीबीएस' से करते हुए कहा कि उस दौर में उत्तर प्रदेश की भर्ती व्यवस्था ऐसी ही बन गई थी।
युवाओं को उनकी मेरिट के आधार पर मिल रहा अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल में लखनऊ में मुन्ना भाई गैंग के एक सरगना का बयान पढ़ने के बाद उन्हें पुरानी भर्ती व्यवस्था की याद आई। उस समय कई परीक्षाओं में आवेदन कोई करता था, परीक्षा कोई और देता था और नौकरी किसी तीसरे व्यक्ति को मिल जाती थी। योगी ने कहा कि उनकी सरकार ने ऐसी व्यवस्था को खत्म कर योग्य अभ्यर्थियों को उनकी प्रतिभा के आधार पर नौकरी देने का काम किया है।
उन्होंने नियुक्ति पत्र पाने वाले युवाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनमें थारू जनजाति के युवक, यादव समाज की बेटियां और प्रदेश के अलग-अलग जिलों के अभ्यर्थी शामिल हैं। यह सभी वर्गों को समान अवसर मिलने का प्रमाण है। सीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब उपद्रव प्रदेश की छवि से बाहर निकलकर निवेश, रोजगार और संभावनाओं का केंद्र बन रहा है। युवाओं की सफलता प्रदेश की नई पहचान बना रही है।
उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था तीन गुना होने का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश की अर्थव्यवस्था में बड़ा बदलाव आया है। उनके अनुसार, उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था करीब 12.5 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। प्रति व्यक्ति आय में भी तीन गुना वृद्धि हुई है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश का बजट अब 9.70 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है। सरकार का लक्ष्य बजट और रोजगार के अवसरों का दायरा लगातार बढ़ाना है।
सीएम ने कहा कि वित्त मंत्री से बजट का आकार बढ़ाने को कहा गया है, ताकि नियुक्तियों की संख्या भी बढ़ाई जा सके। उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने में युवाओं की अहम भूमिका होगी।
पुरानी पेंशन पर विपक्ष से सवाल

मुख्यमंत्री ने पुरानी पेंशन योजना (OPS) को लेकर भी समाजवादी पार्टी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जो लोग आज कर्मचारियों को OPS देने की बात कर रहे हैं, उन्हें यह बताना चाहिए कि न्यू पेंशन स्कीम (NPS) किसने लागू की थी।
सीएम के मुताबिक, 2017 में सरकार बनने के बाद जब NPS से जुड़े कर्मचारियों के खातों और सरकारी अंशदान की जानकारी ली गई, तो पता चला कि 2005 से 2017 के बीच कई कर्मचारियों के खाते नहीं खोले गए थे और सरकार का योगदान भी जमा नहीं हुआ था।
उन्होंने बताया कि इस समस्या को दूर करने के लिए समिति बनाई गई। सरकार ने अपना अंशदान 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 14 प्रतिशत किया और करीब 10 हजार करोड़ रुपये बजट से उपलब्ध कराकर कर्मचारियों के खातों में जमा कराए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसका उद्देश्य कर्मचारियों को उनके भविष्य और परिवार की जरूरतों के लिए आर्थिक सुरक्षा देना था।
गोमती रिवरफ्रंट और जेपीएनआईसी पर भी उठाए सवाल

सीएम योगी ने पिछली सरकार के दौरान गोमती रिवरफ्रंट और जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (जेपीएनआईसी) पर हुए खर्च को लेकर भी आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि गोमती रिवरफ्रंट के लिए 167 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित था, लेकिन परियोजना पर करीब 1,400 करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद काम अधूरा रहा। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि जांच के दौरान निचले स्तर के कर्मचारियों पर कार्रवाई हुई, जबकि बड़े स्तर पर धन का दुरुपयोग करने वाले लोग बच गए।
जेपीएनआईसी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इसकी DPR करीब 200 करोड़ रुपये की थी, लेकिन 800 करोड़ रुपये खर्च होने के बाद भी परियोजना पूरी नहीं हुई। सीएम ने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण के नाम पर बनने वाली परियोजना में भी भ्रष्टाचार किया गया।
नवनियुक्त लेखा परीक्षकों और सहायक लेखाकारों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कोई वरिष्ठ अधिकारी गलत काम करने का दबाव बनाए, तो वे उसका हिस्सा न बनें।
युवाओं से मेरिट और ईमानदारी को प्राथमिकता देने की अपील

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले प्रदेश में AI, ड्रोन टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स, इंटरनेट ऑफ थिंग्स, 3D प्रिंटिंग और स्पेस टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में पढ़ाई के पर्याप्त अवसर नहीं थे। उनकी सरकार ने तकनीकी विश्वविद्यालयों में इन विषयों के पाठ्यक्रम शुरू कराए।
उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश के युवा ब्रह्मोस मिसाइल और आधुनिक राइफल के निर्माण जैसे रक्षा उत्पादन से जुड़े कामों में योगदान दे रहे हैं। पहले युवाओं की प्रतिभा को सही दिशा नहीं मिलती थी, लेकिन अब उन्हें आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।
सीएम ने नवनियुक्त कर्मचारियों से कहा कि वे अपनी सफलता को परिवार और समाज के साथ साझा करें। मेरिट और ईमानदारी को अपना मूलमंत्र बनाएं तथा प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने में योगदान दें। उन्होंने युवाओं से उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य में भागीदार बनने की अपील की।
कार्यक्रम में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, प्रमुख सचिव वित्त एवं आईटी आलोक कुमार, सचिव वित्त मिनिस्ती एस. जी., सचिव वित्त संदीप कौर सहित अन्य अधिकारी और अतिथि मौजूद रहे।
विभिन्न जिलों के अभ्यर्थियों को मिले नियुक्ति पत्र

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम में झांसी के श्रीकृष्ण कांत व्यास, मैनपुरी के अभय प्रताप सिंह, संत कबीर नगर की दीपमाला, मुरादाबाद की सोनम सैनी, अंबेडकर नगर के शशांक त्रिपाठी, अयोध्या के गौरव पांडेय और गोरखपुर के कृष्ण रमन को नियुक्ति पत्र सौंपे।
इसके अलावा मुरादाबाद के मोहित चौहान, बलिया की डिम्पल यादव, चंदौली के उत्तम कुमार सिंह, आजमगढ़ के रोहन सोनकर, रायबरेली की ममता यादव, जौनपुर के अभिषेक कुमार यादव, कानपुर नगर की ऋतिका सोनकर और आजमगढ़ के सानिध्य सिंह को भी नियुक्ति पत्र दिए गए।
शाहजहांपुर के उत्सव सक्सेना, सहारनपुर के राजदीप, लखीमपुर खीरी के कपिल कुमार, प्रयागराज के अभिषेक कुमार और लखनऊ की संस्कृति मेहरोत्रा सहित अन्य चयनित अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।