उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गर्मियों की छुट्टियों को लेकर बच्चों और अभिभावकों के लिए खास संदेश दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गर्मी की छुट्टियां केवल आराम और मनोरंजन का समय नहीं हैं, बल्कि यह बच्चों के लिए नई चीजें सीखने और अच्छे संस्कार अपनाने का भी सुनहरा अवसर है।
सीएम योगी ने कहा कि बच्चों को छुट्टियों का सदुपयोग करते हुए अपनी रुचियों को विकसित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि गर्मियों की छुट्टी सीखने और आनंद लेने का एक अच्छा मौका होती है। इस दौरान बच्चे किताबों के साथ-साथ व्यवहारिक ज्ञान और रचनात्मक गतिविधियों से भी जुड़ सकते हैं।मुख्यमंत्री ने बच्चों को संगीत, फोटोग्राफी, पेंटिंग, खेलकूद और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में हिस्सा लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियां बच्चों के व्यक्तित्व विकास में अहम भूमिका निभाती हैं और उनमें आत्मविश्वास बढ़ाती हैं।
सीएम योगी ने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों को मोबाइल और टीवी तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें परिवार, संस्कृति और नैतिक मूल्यों से जोड़ने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि छुट्टियों के दौरान बच्चों को अच्छे संस्कार देना बेहद जरूरी है, ताकि वे जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बन सकें। मुख्यमंत्री का यह संदेश बच्चों को सकारात्मक दिशा में प्रेरित करने और छुट्टियों को उपयोगी बनाने की पहल के रूप में देखा जा रहा है।